सुबह छाया रहा कोहरा, गलन से ठिठुरे लोग, पहने गर्म कपड़े

अजमेर सहित जिले भर में सोमवार की सुबह मौसम का मिजाज एकदम से बदल गया। रविवार को हुई बरसात के बाद अचानक ठंडक बडी और सोमवार सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। मौसम में रही गलन के कारण लोग ठिठुर उठे। शहरी क्षेत्रों में जहां सुबह साढे सात बजे तक कोहरा छाया रहा, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में सुबह आठ बजे तक कोहरे के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। सुबह के समय सर्दी से बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़े पहनने पडे।

सोमवार सुबह देर तक छाया कोहरा

रविवार को जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बरसात हुई और रात को ठंडक भी बढी। सुबह जब लोग उठे तो उन्हें शहर कोहरे के आगोश में डूबा दिखा। सुबह 7 बजे अत्यधिक घना कोहरा छाया हुआ था, लोगों को आसपास का कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। सूरज की रोशनी को लोग तरस गए। सुबह करीब आठ बजे बाद सूरज के दर्शन हुए। इस दौरान मौसम में खासी ठंडक ने लोगोें को ठिठुरा दिया। सुबह के समय हाइवे पर मार्गों पर वाहन चालकों को लाइट जलानी पडी। अजमेर में हवा में नमी 70 प्रतिशत और सुबह 8 बजे तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक मौसम इसी तरह ठंडा रहने का अनुमान है और बारिश और बूंदाबांदी भी हो सकती है। वहीं कृषि विभाग ने मौसम के बदलाव और बरसात को फसलों के लिए फायदेमंद बताया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सोमवार सुबह देर तक छाया कोहरा


टिप्पणियाँ