इंजीनियरिंग कॉलेज जाने वाले रास्ते पर लगे साइन बोर्ड पर चस्पा किए पर्चे, प्राचार्य बोले- इस बारे में छात्रों से करेंगे बात
झालावाड़ इंजीनियरिंग कॉलेज को जाने वाले रास्ते पर लगे साइन बोर्ड पर किसी ने पर्चे चिपकाए हैं, जिस पर प्राचार्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं और कॉलेज को लेकर भी टिप्पणी की है।
इसको लेकर बुधवार को कॉलेज में हड़कंप मचा रहा। कॉलेज प्रशासन को कॉलेज छात्रों पर ही पर्चा चस्पा करने का शक है।
यह पर्चे रात को चिपकाए गए हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस तरह के पर्चे चिपकाए गए थे, लेकिन कॉलेज प्राचार्य ने उनको हटवा दिया था, लेकिन अबकी बार इन पर्चों की कॉलेज प्रशासन को जानकारी लगने से पहले यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पर्चों पर लिखा है कि विद्यार्थी अभियांत्रिकी महाविद्यालय में प्रवेश लेकर अपना भविष्य खराब ना करें। अभियांत्रिकी महाविद्यालय में कक्षाएं नहीं लगती, ना ही व्याख्याता पढ़ाते हैं। यहां के विद्यार्थियों को प्लेसमेंट तो दूर दूसरी प्राइवेट कंपनियां भी नौकरी देना पसंद नहीं करती। कॉलेज में प्रिंसिपल समेत रजिस्ट्रार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है। इनके खिलाफ कई जांचें चल रही हैं। कॉलेज का इंफ्रास्ट्रक्चर भीतर से ख़राब हो रहा है। यहां पर पीने का साफ़ पानी उपलब्ध नहीं है, टॉयलेट जर्जर व गंदे हैं।
कॉलेज व्याख्याताओं द्वारा विद्यार्थियों की किसी भी समस्या का समाधान नहीं करते। छात्रवृत्ति योजना का सही ढंग से क्रियान्वित नहीं करने से छात्र वंचित हैं। परमानेंट फैकल्टी को छात्रों के हितों से कोई मतलब नहीं है। कम्प्यूटर, लैब, जिम, इंक्यूबेशन सेंटर के नाम पर धोखा दे रहे हैं। इन उपकरणों को चलाने के लिए यहां ना तो एक्सपर्ट है ना ही यह उपकरण चलते हैं। कॉलेज प्रशासन द्वारा सिर्फ धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। अगर विश्वास ना हो तो यहां के विद्यार्थियों से पूछ सकते हैं जो यहां से पास हो गया हो या यही पढ़ता हो सहित कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुबह कॉलेज आने पर जानकारी मिली है कि कॉलेज आने वाले रास्ते पर साइन बोर्ड पर कुछ पर्चे चस्पा किए गए हैं, जिस पर कॉलेज को लेकर कुछ लिखा है। यह पर्चे रात में चिपकाए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह छात्रों द्वारा ही लगाना सामने आ रहा है। छात्रों से बात करेंगे।
-करतार सिंह, प्राचार्य, इंजीनियरिंग कॉलेज
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ