8वीं कक्षा तक का सिलेबस 50% करने की तैयारी, पासिंग मार्क्स 26% करने की संभावना

आरबीएसई के पहली से आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियाें के लिए अच्छी खबर है। 10वीं एवं 12वीं की तरह इन कक्षाओं के सिलेबस में भी कटौती होगी। वहीं, पासिंग मार्क्स को भी घटाने की तैयारी चल रही है। हालांकि पहली से आठवीं के सभी विद्यार्थियाें को परीक्षा देनी होगी। बिना परीक्षा किसी को भी उत्तीर्ण घोषित नहीं किया जाएगा। दरअसल, कोरोना की वजह से 15 मार्च से राज्य के सभी स्कूल बंद हैं। बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन ही चल रही है। उधर राज्य सरकार ने 10वीं और 12वीं के सिलेबस में 40 प्रतिशत की कटौती की है। इसी तर्ज पर पहली से आठवीं में पढ़ने वाले बच्चों का सिलेबस 50 फीसदी करने की तैयारी कर ली है। इतना ही नहीं पासिंग मार्क्स भी 33 प्रतिशत घटाकर 26 प्रतिशत करने की संभावना है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इस प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया है।

दिसंबर के पहले सप्ताह में इसकी अधिकारिक घोषणा हो सकती है। राज्य में अभी स्कूलों में पहली से आठवीं तक के बच्चों को एक वर्कबुक दी जा रही है। इस वर्कबुक में बच्चे घर पर ही पढ़ाई करेंगे और वर्कबुक भरकर स्कूल में जमा कराएंगे। इस वर्कबुक को स्कूल में शिक्षक चेक करेंगे। इसके बाद बच्चों की तय समय पर परीक्षा ली जाएगी। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि वर्कबुक सिर्फ सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलेगी या फिर निजी स्कूलों को भी जारी होगी। राज्य में घर बैठे बच्चों को पढ़ाने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक सौरभ स्वामी के प्रयासों से ई-कक्षा शुरू की गई। इसके तहत कक्षा 6 से 12वीं तक के सभी विषयों के शिक्षकों से तैयार वीडियो यू-ट्यूब चैनल पर डाले जा रहे हैं। जहां हजारों की संख्या में बच्चे इसे देख रहे हैं।

1 से 8 तक की कक्षाओं का पाठ्यक्रम अभी तक जारी नहीं किया
1 से 8 तक की कक्षाओ का पाठ्यक्रम अभी तक जारी नहीं किया गया है। विद्यार्थियाें में असमंजस की स्थिति बनी हुई कि वे क्या पढ़ें और क्या नहीं पढ़ें। सूत्राें के अनुसार आरबीएसई की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर में हाेनी हैं और इसके बाद कुछ माह में वार्षिक परीक्षाओं का भी दाैर शुरू हाेना है। लेकिन शिक्षा विभाग ने अभी तक इन परीक्षाओं काे लेकर काेई कैलेंडर जारी नहीं किया है। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद से जिले के सरकारी में ऑनलाइन पठन-पाठन जारी है।

पहली से 8वीं कक्षा के बच्चों का पाठ्यक्रम 50% करने की कवायद चल रही है। पढ़ाने के लिए ई-कक्षा शुरू की है। इसी नाम से यू-ट्यूब चैनल पर बच्चे घर बैठे पढ़ाई कर सकते हैं।
सौरभ स्वामी, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर


विभाग की ओर से स्कूल संचालन के लिए अभी तक कोई भी आदेश नहीं मिला है। इस संबंध में जैसे ही काेई आदेश मिलता है तुरंत प्रभाव से स्कूल संचालन का काम शुरू किया जाएगा। अर्द्धवार्षिक व वार्षिक परीक्षाओं काे लेकर अभी तक काेई दिशा-निर्देश नहीं प्राप्त हुए है।
हंसराज यादव, कार्यवाहक डीईओ माध्यमिक, शिक्षा विभाग, श्रीगंगानगर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Preparing to make syllabus 50% up to 8th standard, possibility of passing marks 26%


टिप्पणियाँ