कोरोना : 75 नए केस, एक मौत भी, एक्टिव केस 241,16 तक फतहपुरा, कृषि मंडी, टाउनहॉल में सैंपल नहीं लेंगे

चित्रकूट नगर स्थित ईएसआईसी कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कोरोना संक्रमित चांदपोल निवासी 67 वर्षीय पुरुष की गुरुवार को मौत हो गई। कोरोना से अब तक उदयपुर के 149 संक्रमितों की जान जा चुकी है। जिले में 75 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही अब कुल रोगियों की संख्या 7778 हो गई है। अब एक्टिव केस 241 हैं, जिनमें से 153 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं।

शेष 90 गंभीर संक्रमित विभिन्न कोविड हॉस्पिटलों में भर्ती हैं। कोविड-19 प्रभारी डॉ. शंकर एच बामनिया ने बताया कि 44 मरीज शहरी और 27 ग्रामीण क्षेत्र में मिले हैं। आरएनटी का 51 वर्षीय मेल नर्स भी संक्रमित निकला है। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से त्यौहारी सीजन के कारण कोरोना सैंपलिंग के लिए कैम्पों में पहले की तुलना में बहुत कम लोग जांच कराने पहुंच रहे हैं।

फतहपुरा चौकी में प्रतिदिन औसत 19, कृषि मंडी में 20, टाउनहॉल में 16, सेक्ट-14 में 21 संदिग्धों की ही जांच हो रही थी। ऐसे में दीपावली के चलते शुक्रवार 13 से 16 नवंबर तक इन चारों जगह पर कोरोना सैंपलिंग कैम्प आयोजित नहीं किए जाएंगे। इस दौरान इन क्षेत्रों के कोरोना संदिग्ध एमबी हॉस्पिटल के स्वाइन फ्लू वार्ड में सैंपलिंग करा सकते हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोविड-19


टिप्पणियाँ