7 शहरों में बागियों ने बढ़ाई परेशानी; भाजपा के 71 और कांग्रेस के 55 असंतुष्ट दावेदार मैदान में उतरे

जिले की आठ नगरपालिकाओं के चुनाव में भाजपा व कांग्रेस के समक्ष अब दोहरा संकट खड़ा हो गया है। दोनों की पार्टियों को आठ नगरपालिकाओं के 210 वार्डों में से 53 वार्डों में उम्मीदवार ही नहीं मिले। भाजपा व कांग्रेस ने 157 वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें से भी 126 ऐसे वार्ड हैं, कहीं कांग्रेस और कहीं भाजपा को बगावत का सामना करना पड़ रहा है। टिकट मिलने से वंचित कार्यकर्ता निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में हैं। जो पार्टियों को ही नुकसान पहुंचाएंगे।

ऐसे में भाजपा व कांग्रेस को बागियाें से भी निपटना पड़ेगा। पदमपुर के अलावा अन्य सात पालिकाओं में बगावत की स्थिति ज्यादा है। जहां भाजपा के 71 और कांग्रेस के 55 टिकट वे वंचित पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं चुनाव लड़ रहे हैं।
अनूपगढ़, रायसिंहनगर व श्रीविजयनगर में सबसे अधिक जूझना पड़ रहा है। केसरीसिंहपुर, गजसिंहपुर, सादुलशहर, गजसिंहपुर में भी असंतुष्ट के बगावती सुर में लग रहे हैं। भाजपा व कांग्रेस के पदाधिकारियों के अनुसार बागियों को पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में नामांकन वापसी के लिए मनाया जा रहा है। दोनों पार्टियों के स्थानीय नेताओं से शनिवार को कई बागियों से संपर्क किया। उनके घनिष्ठ संबंधी नेताओं और अन्य जानकारों के माध्यम से भी संपर्क किया जा रहा है।

भविष्य में आने वाले चुनावों में टिकट और पार्टी में पद देने के प्रलोभन भी दिए जा रहे हैं। एक दिसंबर को नामांकन की जांच होगी। इसके बाद 2 व 3 दिसंबर दोपहर 3 बजे नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। इसके बाद भी बागी नहीं माने ताे पार्टी उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। भाजपा के जिलाध्यक्ष आत्माराम तरड़ के अनुसार बागियों को मनाने स्थानीय नेताओं को जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप इंदौरा के अनुसार नाराज कार्यकर्ताओँ काे समझाइश कर पार्टी हित में नामांकन वापसी के लिए मना लिया जाएगा।

कहां कैसी बगावत...रायसिंहनगर में भाजपा में वर्करों में असंतोष व अनूपगढ़ में दोनों पार्टियों के 16-16 बागी

1. गजसिंहपुर: कांग्रेसियों का तीसरा मोर्चा सक्रिय, भाजपा के 2 बागी: गजसिंहपुर में कांग्रेस के असंतुष्टाें का तीसरा मोर्चा सक्रिय है। तीसरे मोर्चे के तीन और कांग्रेस के तीन असंतुष्ट भी चुनाव लड़ रहे हैं। विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर से खफा होकर पूर्व पालिकाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी शारदा सहित तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां भाजपा के दो वार्डों में असंतुष्ट चुनाव लड़ रहे हैं।

2.सादुलशहर: भाजपा के तीन पूर्व पार्षदों सहित 15 बागी: सादुशलहर में भाजपा में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप खीचड़ और पूर्व मंत्री गुरजंट सिंह बराड़ के गुटों के बीच ज्यादा टिकटें लेने को लेकर खींचतान रही। यहां 14 वार्डों में 15 भाजपा कार्यकर्ता टिकट न मिलने पर बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें तीन पूर्व पार्षद भी हैं। कांग्रेस को एक वार्ड में बगावत से जूझना पड़ रहा है।

3. रायसिंहनगर: भाजपा में वर्करों असंतोष ज्यादा: रायसिंहनगर में ने 35 में से 32 वार्डों में उम्मीदवार तो घोषित कर दिए थे। टिकट वितरण में विधायक बलवीर लूथर की ही चलने और सांसद निहालचंद के गुट की उपेक्षा होने से 20 भाजपा कार्यकर्ता बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं। गुटबाजी की वजह से कांग्रेस को यहां 19 वार्डों में उम्मीदवार नहीं मिले थे। 8 वार्डों में टिकट से वंचितों ने निर्दलीय नामांकन जमा करवाया है।

4.श्रीविजयनगर: भाजपा के 14 और कांग्रेस के 12 बागी : श्रीविजयनगर में भी दोनों पार्टियों को गुटबाजी की वजह से टिकट वितरण के बाद से असंतोष का सामना करना पड़ रहा है। यहां भाजपा को 14 और कांग्रेस को 12 वार्डों में अपने ही चुनौती देने को तैयार हैं। भाजपा में विधायक बलवीर लूथरा व सांसद निहालचंद, कांग्रेस में तीन पूर्व विधायकों सोना देवी, दौलतराज और सोहन नायक के बीच खींचतान चल रही है।

5. अनूपगढ़: दोनों पार्टियों के 16-16 बगी : यहां कांग्रेस को 14 वार्डों में उम्मीदवार नहीं मिले और 16 वार्डों में बगावत का सामना करना पड़ रहा है। पांच वार्डों में तो 2-2 असंतुष्टों ने पार्टी के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने 34 उम्मीदवार ताे चुनाव मैदान में उतार दिए लेकिन असंताेष का सामना फिर भी करना पड़ रहा है। भाजपा के एक वार्ड में 2 और बाकी 14 वार्डों में एक-एक बागी कार्यकर्ता सामने हैं।

6. श्रीकरणपुर व केसरीसिंहपुर: 16 वार्डों में असंतुष्ट: श्रीकरणपुर नगरपालिका में भाजपा के 4 और कांग्रेस के 9 कार्यकर्ताओं ने टिकट न मिलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन जमा करवा दिए हैं। कांग्रेस में टिकट के दावेदार ज्यादा होने की वजह से बगावत हुई। भाजपा में भी गुटबाजी है। केसरीसिंहपुर में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों को 3 वार्डों में अपनी पार्टियों के बागियों से मुकाबला करना पड़ सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कांग्रेस कार्यालय में मंथन करते हुए पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी


टिप्पणियाँ