जिले की सात पंचायत समितियों के प्रधान और बीकानेर जिला परिषद के प्रमुख के लिए हो रहे पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार सुबह शुरू होगा। दूसरे दौर में कांग्रेस व भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होना है। गुरुवार देर रात तक मतदाताओं को रिझाने के प्रयास चलते रहे। घर घर मतदाताओं से सम्पर्क किया जा रहा है।
शुक्रवार को जिन पंचायत समितियों में चुनाव है, उनमें सबसे महत्वपूर्ण श्रीकोलायत है। यहां पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी का दबदबा है और प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी भी इसी क्षेत्र से आते हैं। दोनों राज्य के बड़े नेताओं की सूची मे है, इसलिए यहां से प्रधान बनाना दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। यह बात अलग है कि देवीसिंह भाटी भाजपा के बजाय स्वयं के समर्थक को प्रधान बनाने की जुगत में है। यहां भाजपा चुनाव मैदान में है। श्रीकोलायत के साथ बज्जू पंचायत समिति में भी चुनाव होने हैं।
बज्जू भी श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है, ऐसे में दोनों प्रमुख नेताओं के लिए यहां की सीटें भी प्रतिष्ठा का प्रश्न है। देहात भाजपा अध्यक्ष ताराचंद सारस्वत स्वयं यहां प्रचार कर रहे हैं। वहीं जिला प्रमुख बनाने की जुगत में लगे कांग्रेस के दो बड़े नेता रामेश्वर डूडी और गोविन्द मेघवाल भी अपने अपने हिसाब से प्रत्याशियों को जिताने में जुटे हैं।
बीकानेर में भी टक्कर
बीकानेर पंचायत समिति में अधिकांश सीटें शहर के आसपास के गांवों से है। ऐसे में सभी बड़े नेता इन्हीं क्षेत्रों में पहुंचकर प्रचार कर रहे हैं। यहां भी कांग्रेस व भाजपा के बीच ही सीधी टक्कर है। आमतौर पर यहां भी कांग्रेस का दबदबा रहा है, लेकिन इस बार ग्रामीण वोट किसके पक्ष में पड़ते हैं यह भविष्य के गर्त में है।
कहां कितनी सीट के लिए चुनाव
बीकानेर व कोलायत में 21-21 पंचायत समिति सदस्य व बज्जू में 15 पंचायत समिति सदस्य व 10 जिला परिषद सदस्य के लिए वोट डाले जाएंगे। बीकानेर पंचायत समिति में 258 मतदान केन्द्र, बज्जू में 108 तथा कोलायत में 166 मतदान केन्द्रों पर वोट डाले जाएंगे। बीकानेर पंचायत समिति के लिए 188202, बज्जू में 72682 तथा कोलायत पंचायत समिति क्षेत्र में 113240 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रात: 7.30 से सायं 5 बजे तक चलेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ