ग्रुप इंस्ट्रक्टर पदों के लिए शाम तक 45 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू, बाद में कोर्ट के आदेश पर स्थगित

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार से ग्रुप इंस्ट्रक्टर पदों के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू कर दी। शाम तक 45 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी कर लिए गए, लेकिन शाम 6.15 बजे कोर्ट के आदेश पर आयोग ने इंटरव्यू स्थगित कर दिए। इन पदाें के लिए 20 तक इंटरव्यू होने थे। आयोग ने तय शिड्यूल के अनुसार सुबह 9 बजे और दोपहर 2 बजे से तीन इंटरव्यू बोर्ड में साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की। शाम तक कुल 45 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू भी हो गए, लेकिन फिर कोर्ट के आदेश पर स्थगित कर दिए गए।

यह सूचना जारी की | आयोग के सहायक सचिव सुनील रांका ने बताया कि आरपीएससी द्वारा समूह अनुदेषक/सर्वेयर/सहायक शिक्षुता सलाहकार-ग्रुप-सेकंड (टीएसपी - नॉन टीएसपी) (प्राविधिक शिक्षा विभाग) के पदों के लिए बुधवार से 20 नवंबर तक इंटरव्यू आयोजित किए जाने थे। उच्च न्यायालय द्वारा पारित अन्तरिम आदेश के क्रम में आगामी सूचना तक ये इंटरव्यू स्थगित कर दिए गए हैं।

आज हुए इंटरव्यू मान्य होंगे या नहीं
आयोग ने आज जिन अभ्यर्थियों के इंटरव्यू कर लिए हैं, उनके इंटरव्यू हो गए या नहीं इस पर भी असमंजस की स्थिति है। आयोग के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि आयोग को कोर्ट के आदेश की प्रति अभी नहीं मिली है। इन आदेशों के आने के बाद इन पर विधिक राय भी ली जाएगी। इसके बाद ही तय हो पाएगा कि जो इंटरव्यू हो चुके उनका क्या होगा। क्या सभी अभ्यर्थियों के इंटरव्यू नए सिरे से होंगे या जिनके हो चुके उनके अलावा शेष रहे अभ्यर्थियों के इंटरव्यू ही आयोजित होंगे।
आज होने वाले इंटरव्यू के अभ्यर्थी परेशान
इधर गुरुवार को जिन अभ्यर्थियों के इंटरव्यू होने थे, उनमें से भी अधिकांश अजमेर पहुंच गए थे। अब अचानक इंटरव्यू की प्रक्रिया बीच में ही स्थगित हो जाने से वे भी परेशान हो गए।
पहले राज्य सरकार के पत्र के बाद स्थगित हुए
आयोग ने इन पदों के लिए यह दूसरी बार साक्षात्कार स्थगित किए गए हैं। पूर्व में इन पदों के लिए 9 से 11 सितंबर तक आयोग के पूर्व अध्यक्ष दीपक उप्रेती के कार्यकाल के दौरान इंटरव्यू होने थे लेकिन सरकार का पत्र मिलने के बाद उस समय इंटरव्यू स्थगित कर दिए गए। अब आयोग अध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र यादव के कार्यकाल में कोर्ट के आदेश पर यह इंटरव्यू स्थगित किए गए हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Interview of 45 candidates for group instructor posts till evening, postponed later on court order


टिप्पणियाँ