शादी समारोह में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी के 3 बच्चों के साथ खेल रही थी मासूम, तभी कर लिया अगवा

खबर डराने वाली है..पाली के पास एक गांव में मंगलवार रात शादी समारोह के दौरान एक चार साल की मासूम को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। हैरानी और चिंता की बात ये है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं...बल्कि इसी शादी समारोह में अपनी पत्नी और तीन बेटों के साथ शरीक होने आया 26 साल का युवक ओमाराम नायक था।

सदावास गांव के रहने वाले ओमाराम ने उस वक्त इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया, जब वह बच्ची आरोपी के ही तीन बेटों के साथ खेल रही थी। ओमाराम बच्ची को 5 रु. का नमकीन चिप्स दिलाकर खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित मासूम को घर से कुछ दूर ही पटककर भाग गया।

सूचना पाकर रात काे ही सदर थाना प्रभारी भंवरलाल पटेल की टीम माैके पर पहुंची और पीड़िता काे बांगड़ अस्पताल लाकर मेडिकल कराया। मामले की जांच महिला अत्याचार एवं अनुसंधान सेल के डीएसपी पारसराम चौधरी कर रहे हैं। पुलिस ने बुधवार काे आरोपी ओमाराम नायक काे दुष्कर्म एवं पाॅक्साे एक्ट में गिरफ्तार कर लिया।

खेलते-खेलते बच्ची अपने घर की ओर चली गई थी, तभी आरोपी उसे चिप्स का लालच देकर उठा ले गया

पुलिस छानबीन में पता चला कि ओमाराम नायक मंगलवार काे घटना वाली रात पत्नी व तीनों बच्चाें के साथ शादी समारोह के भाेज में गया था। जान-पहचान के चलते आरोपी के तीनों मासूम बेटे भी पीड़ित बच्ची के साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते पीड़िता समारोह के सामने स्थित अपने घर की ओर चली गई। तभी आरोपी वहां पहुंचा और 5 रु. का नमकीन चिप्स पाउच देते हुए उसे बहला-फुसला कर पास के खेत में उठा ले गया।

परिजनों ने आरोपी को बच्ची को कंधे पर उठाकर ले जाते देखा था, फोन भी किया लेकिन उठा नहीं

आरोपी जान-पहचान का ही था। पीड़िता के परिजन उससे अच्छी तरह परिचित थे। आरोपी ओमाराम नायक को बच्ची को कंधों पर उठाकर ले जाते भी देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने फोन भी लगाया लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। फिर घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। रिश्तेदारों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश की। इसकी भनक लगते ही आरोपी पीड़िता काे घर से कुछ दूर ही पटककर फरार हाे गया।

भास्कर अलर्ट

दुष्कर्म की ये वारदात दिल को कंपकंपा देने वाली है...बड़ा सवाल ये है कि आखिर ऐसे दरिंदों को कैसे पहचाना जाए? ये कब, कहां, कैसे, किस भेष में मिल जाएं, कहना मुश्किल है। इनकी दूषित नजरों से मासूमों को कैसे बचाएं? सवाल कई हैं लेकिन जवाब बस इतना सा है कि अगर छोटे बच्चों के साथ किसी शादी समारोह में जा रहे हैं तो उन्हें एक पल के लिए भी नजरों से ओझल न होने दें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक तस्वीर


टिप्पणियाँ