आज धनतेरस : सवा 300 करोड़ के कारोबार की आस,घर-आंगन संवार कर शहरवासी भी लक्ष्मी के स्वागत को तैयार

चार दिन के दीपोत्सव की शुरुआत शुक्रवार को धनतेरस के साथ होगी। बाजार भी तैयार हैं और खरीदार भी। बर्तन, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, ज्वैलरी, इलेक्ट्राॅनिक्स, रेडिमेड सहित हर सेक्टर में व्यापारियों को सवा 300 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है, क्योंकि करीब छह महीने के कोरोना काल के बाद नवरात्रि के साथ ग्राहकी के साथ बाजार भी वापसी कर चुके हैं।

बीते एक हफ्ते के दौरान इन सेक्टरों में अच्छा उठाव भी आया है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में 70 करोड़ से ज्यादा के कारोबार की आस है। सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि सोना और चांदी की कीमतों में पिछले दिनों आई गिरावट के चलते फेस्टिव सीजन में अच्छी खरादारी रह सकती है।

आगामी शादियों के सीजन का असर भी रहेगा, क्योंकि दीवाली के 11 दिन बाद ही देवउठनी एकादशी के साथ सावे भी शुरू हो जाएंगे। इस बीच बर्तन व्यापारी भी 4 करोड़ से ज्यादा के बाजार के संकेत दे रहे हैं। शहर में बर्तन की 125 दुकानें हैं। त्योहार और सावों को ही देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारियों ने भी डिसकाउंट और पैकेज ऑफर किए हैं।

इस बार चार दिन का होगा रोशनी का त्योहार
हर साल दीपोत्सव पर पांच दिन दीए जलाए जाते हैं। धनतेरस से शुरुआत के बाद भाई दूज तक दीपमालाएं सजती हैं, लेकिन इस बार यह सब चार दिन ही होगा। शुक्रवार को धनतेरस है। रूप चतुर्दशी और दीवाली शनिवार को होगी। ज्याेतिषविदों के अनुसार तिथियां एक साथ आने के कारण यह स्थिति बन रही है। रविवार को खेंखरा और सोमवार को भाई दूज मनाई जाएगी। कोरोना के चलते दीपावली पर इस बार अन्नकूट, 56 भोग के आयोजन वृहद स्तर पर नहीं होंगे। महालक्ष्मी मंदिर में भी प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। श्रद्धालु बाहर से दर्शन कर सकेंगे।

हमारी समृद्धि के सवा 300 करोड़ ऐसे आएंगे और खिलखिलाएगा बाजार

सर्राफा : 20 करोड़ का सोना-चांदी खरीदेंगे उदयपुर के बाशिंदे
सर्राफा एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने से ही मार्केट में उछाल है। धनतेरस से पहले सोने का भाव 1 हजार लुढ़कने के साथ ही प्रति 10 ग्राम 52 हजार 500 और चांदी 2000 हजार की गिरावट के बाद प्रति किलो 64 हजार 500 रुपए प्रति किलो है। व्यवसायियों के मुताबिक हर दिन 10 करोड़ का व्यापार कर रहे सर्राफा बाजार में धनतेरस पर अनुमानित कारोबार 20 करोड़ तक रहेगा।

कपड़ा-मिठाई : व्यापारियों को 3 से 4 करोड़ तक व्यवसाय होने की आस
गारमेंट में दो से तीन करोड़ का कारोबार रहने की उम्मीद है। वजह यह है कि इस सेक्टर में 7 दिन में 5 करोड़ पार काम हुआ है। एसोसिएशन के महामंत्री अक्षय जैन ने बताया कि व्यापारियों को करीब सात महीने बाद अच्छी ग्राहकी मिली है। धनतेरस पर बाजार में तेजी की उम्मीद तो है। दूसरी ओर व्यापारी नरेंद्र पालीवाल के मुताबिक मिठाई का बाजार भी डेढ़ से दो करोड़ तक रह सकता है।

ऑटोमोबाइल्स : 1500 दुपहिया और 800 फोर व्हीलर की डिलीवरी आज
धनतेरस और रूप चतुर्दशी के लिए 3000 टू व्हीलर और करीब 700 फोर व्हीलर वाहनों की एडवांस बुकिंग है। आटोमोबाइल एसोसिएशन के संरक्षक शब्बीर मुस्तफा ने बताया कि इन दो दिन में 70 से 80 करोड़ के वाहन बिकेंगे। कोरोनोकाल के बाद आई इस सेक्टर की मंदी फेस्टिव सीजन से दूर होगी। कारोबार में 25 फीसदी ग्रोथ की संभावना जताई जा रही है।

इलेक्ट्रॉनिक्स : 10 करोड़ का कारोबार
शहर में त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री में इजाफा हुआ है। पिछले सप्ताह से अब तक 30 करोड़ तक बिक्री हो गई है। त्योहारों के बाद वेडिंग सीजन शुरू हो रहा है। दीवाली पर 10 करोड़ तक यह बाजार रह सकता है।
रियल एस्टेट : 100 फ्लैट-प्लॉट बुक
धनतेरस और दीवाली के लिए करीब 100 फ्लैट और प्लॉट्स की बुकिंग हो चुकी है। प्रॉपर्टी कारोबारियों के मुताबिक इस सेक्टर में 200 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार रहने की उम्मीद है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
उदयपुर. चार दिन के दीपोत्सव की आज से शुरुआत होगी। ग्राहकों के स्वागत में धनतेरस से पहले रोशनी से जगमग हुआ बापू बाजार।


टिप्पणियाँ