पिछले दो साल में शहर भाजपा के अध्यक्ष तो बदलते रहे, लेकिन कार्यकारिणी एक भी अध्यक्ष नहीं बना सके। वजह, जयपुर में राज्य स्तरीय नेताओं का दबादबा माना जा रहा है। हालांकि, नवनियुक्त अध्यक्ष राघव शर्मा का कहना है कि अगले महीने से कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।
इसके लिए कार्यकर्ताओं की सूची बनाई जा रही है। शहर भाजपा में कार्यकारिणी के गठन को लेकर खींचतान पिछले पांच साल से चल रही है। पिछले साल जनवरी में पार्टी ने पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता को शहर अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन वे 13 महीने तक के कार्यकाल में कार्यकारिणी का गठन नहीं कर पाए।
इस बीच पार्टी ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुनील कोठारी को सौंप दी। कोठारी भी आठ महीने तक कार्यकारिणी को अंतिम रूप नहीं दे सके। यानी करीब 21 महीने से पार्टी बिना कार्यकारिणी के ही चलती रही। निकाय चुनाव से पहले पार्टी ने शहर अध्यक्ष की कमान राघव शर्मा को दे दी। उनकी टीम भी अभी तक तैयार नहीं हुई है। गौरतलब है कि पूर्व अध्यक्ष संजय जैन को भी पदाधिकारी बनाने में तीन साल लगा दिए थे।
अपनों को बैठाने की ‘जुगत’
शहर कार्यकारिणी में बड़े नेताओं का सीधा दखल रहता है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां भी आमेर से विधायक हैं। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, अरूण चतुर्वेदी, विधायक नरपत सिंह राजवी, विधायक कालीचरण सराफ, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह, विधायक एवं मेयर रहे अशोक लाहोटी और सांसद रामचरण बोहरा पार्टी के बड़े चेहरे हैं। इस लिहाज से हर कोई चाहता है कि उनके अपने लोगों को कार्यकारिणी में जगह मिले।
कार्यकारिणी का गठन जल्द
पहले निगम चुनाव के चलते जयपुर शहर की कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है। अति शीघ्र भाजपा जयपुर शहर की कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है।
- राघव शर्मा, अध्यक्ष जयपुर शहर भाजपा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ