पिछले कई दिनों से पंजाब हरियाणा में चल रहे किसान आंदोलन के चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। जयपुर से जुड़ी पूजा सुपरफास्ट ट्रेन भी इसी के चलते लगातार रद्द हो रही है। अब यह ट्रेन 12 और 13 नवंबर को भी रद्द रहेगी। पूजा सुपरफास्ट स्पेशल अजमेर से जम्मूतवी के बीच संचालित होती है। इस ट्रेन के लगातार रद्द होने के कारण जयपुर से वैष्णों देवी जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उधर उदयपुर-हरिद्वार-उदयपुर स्पेशल ट्रेन भी आंशिक तौर पर रद्द रहेगी। रेलवे के अनुसार उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के लक्सर-हरिद्वार सेक्शन में ज्वालापुर-इक्कड़ स्टेशनों के बीच रोड ओवर ब्रिज बनाए जाने के कारण ये ट्रेन उदयपुर से चलकर जयपुर के रास्ते दिल्ली तक ही संचालित होगी। यानि ये ट्रेन दोनों तरफ से दिल्ली-हरिद्वार के बीच रद्द रहेगी।
रिफंड के चलते एकसाथ रद्द नहीं हो रही पूजा सुपरफास्ट
रेलवे द्वारा पिछले दस दिनों से पूजा सुपरफास्ट की रद्दीकरण अवधि को बढ़ाया जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि रेलवे द्वारा इस ट्रेन की घोषणा करने के बाद इसमें रिजर्वेशन बुकिंग तुरंत शुरू कर दी गई थी। ऐसे में लंबे समय से वैष्णों देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं ने ट्रेन में बुकिंग करा ली थी।
अगर रेलवे द्वारा इसकी ट्रिप को एक साथ रद्द कर दिया जाता है, तो रेलवे को यात्रियों को तुरन्त किराए का फुल रिफंड देना पड़ेगा। इसी के कारण रेलवे इस ट्रेन की एक एक ट्रिप को कैंसिल कर रही है। ताकि बड़ी संख्या में एकसाथ टिकट रिफंड नहीं करना पड़ा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ