जहाजपुर विधायक ने आठ किलोमीटर बजरी भरे वाहनों का पीछा किया, सूचना पर भी नहीं आई पुलिस

जहाजपुर ब्लाॅक के माधोपुरा, आमल्दा, रजवास, अभयपुरा, खजूरी में बजरी माफिया का खाैफ है। पुलिस व प्रशासन से मिलीभगत से माफिया पनप रहा है। आमल्दा क्षेत्र से सीधे शक्करगढ़ होकर कोटा, बूंदी व झालावाड़ तक बजरी भरे वाहन निकलते।

शनिवार रात ताे जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने आमल्दा व रजवास के बीच बजरी भरे वाहन देखे। इनका पीछा किया और पुलिस काे बताया भी लेकिन न पुलिस पहुंची न प्रशासन का काेई अधिकारी। आखिरकार बजरी भरे वाहन पकड़ में नहीं आए। मीणा गांवाें में जनसंपर्क पर निकले थे। रात में लाैटते समय लाेगाें ने बजरी से भरे ट्रक-ट्रेलर आने की सूचना दी। लाेगाें ने बताया कि हम परेशान हैं। अंधेरा ढलते ही ये वाहन शुरू हाे जाते हैं। न पुलिस सुनती है न खान विभाग वाले और न प्रशासन के अन्य अधिकारी। विधायक मीणा ने देखा कि आधा दर्जन से अधिक ट्रक व अन्य वाहन बजरी से भरे जा रहे थे।

मीणा व ग्रामीणाें ने इनका करीब 8 किलाेमीटर पीछा किया। शक्करगढ़ में कार्यवाहक थानाप्रभारी रामप्रसाद मीणा को फाेन पर सूचना दी। मीणा बजरी से भरे वाहनों के कभी आगे तो कभी पीछे चले। लेकिन काेई पुलिस जवान नहीं पहुंचा और बजरी भरे ट्रक तेज रफ्तार से भाग गए। इधर, कार्यवाहक थानाधिकारी रामप्रसाद मीणा ने रात 10 बजे बताया कि बजरी से भरे वाहनों के निकलने की सूचना जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने दी है। हम मौके पर पहुंच गए हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ