जोधपुर-जैसलमेर हाइवे पर स्थित भवानी रामदेव ढाबे पर रात्रि विश्राम के लिए रुके यात्री की कार चोरी के मामले में राजीव गांधी नगर पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर चुराई कार भी बरामद की है। एसीपी (प्रताप नगर) नीरज शर्मा ने बताया कि मूलतया जैसलमेर गांधी कॉलोनी निवासी तनेराज गर्ग की ओर से गत 12 सितंबर को राजीव गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दी गई थी।
इसमें बताया गया कि 11 सितंबर की रात को वे भवानी रामदेव ढाबे पर रात्रि विश्राम के लिए रुके थे। यहां उन्होंने अपने कार को लॉक करके खड़ी की थी, लेकिन देर रात कोई बदमाश कार चुरा ले गया।
इस प्रकरण की जांच में जुटे थानाधिकारी जयकिशन सोनी की अगुवाई में एसआई मनोज कुमार, कांस्टेबल आईदानराम, रामसिंह, महेश के साथ एएसआई मदनसिंह, कांस्टेबल मानवेंद्रसिंह व पुरुषोत्तम की विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने कई दिनों की मशक्कत के बाद सालोड़ी के बायण माता मंदिर के पास निवासी गोपालसिंह पुत्र भैरूसिंह और उसके साथी कालीबेरी बेलदार बस्ती निवासी सुमेरसिंह लोहार पुत्र गंगाराम को पकड़कर पूछताछ की तो आरोपियों ने कार चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चुराई कार भी बरामद कर ली।
कहीं नटवरलाल, कहीं गुलाबसिंह या गोपाल सिंह बन करता ठगी
थानाधिकारी सोनी के अनुसार गोपालसिंह शातिर ठग भी है और वो जहां भी जाता है वहां के मौजीज लोगों का भानजा या अन्य रिश्तेदार बनकर लोगों से ठगी की वारदातें करता है। यह हर इलाके में अपने नाम पते भी बदलकर बताता है। इनमें कहीं पर नटवरलाल तो कहीं पर गुलाबसिंह या गोपालसिंह बताता है। यही वजह रही कि पुलिस इस बदमाश के हुलिए के आधार पर पहचान की कोशिश में जुटी तो अलग-अलग जगहों पर नाम पते अलग ही सामने आए।
शातिर गोपालसिंह लोगों से ठगी करने से पहले उनमें पैठ जमाने के लिए खुद को फाइनेंस का काम करने वाला या अच्छी प्राइवेट कंपनी में जॉब करना बताता। इसके खिलाफ सूरसागर थाने में भी छेड़छाड़ व मारपीट के मामले दर्ज हैं और इनमें यह वांछित भी है। जबकि इसका साथी सुमेरसिंह गाड़ी चुराने से पहले रैकी करके इसकी सूचना गोपालसिंह को देता और मौका पाकर दोनों वारदात करके फरार हो जाते।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ