महात्मा गांधी आदर्श ग्राम योजना के तहत कौलारी ग्रापं में बना पहला वाचनालय

पंचायत समिति सैंपऊ की ग्राम पंचायत कौलारी में मंगलवार को कलेक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने गांधी ज्ञान केन्द्र, वाचनालय एवं पुस्तकालय का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी आदर्श ग्राम योजना के तहत जिले का कौलारी ग्राम पंचायत में पहला वाचनालय है। इस वाचनालय से ज्ञान के साथ शिक्षा भी मिलेगी और शिक्षित युवा बेरोजगार लोगो को निशुल्क पुस्तक एवं समाचार पत्र पढ़ने को मिल सकेंगे। ज्ञान केन्द्र वाचनालय से गरीब तबके के बच्चों को भी निशुल्क ज्ञान अर्जित करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार भी सिखाए जाएगें।

इस पुस्तकालय वाचनालय से क्षेत्र के ग्रामीणों युवा भाइयों को साहित्य,समाचार पत्र, पत्रिकाएं एवं विद्यार्थियों को अपनी कक्षाओं की पुस्तकें आसानी से उपलब्ध होगी। कौलारी क्षेत्र में पुस्तकालय एवं वाचनालय न होने के कारण क्षेत्र के युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था,अब पुस्तकालय एवं वाचनालय का संचालन किया जाएगा। इसमें कौलारी ग्राम पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं, बुजुर्गों को सभी समाचार पत्र, पत्रिकाएं साहित्य प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित साहित्य का लाभ मिल सकेगा। इस दौरान उन्होंने कोरोना जागरूकता के संबंध में सामाजिक दूरी की पालना करने और साबुन, सेनेटाइजर से हाथ धोने और मास्क

लगाने के लिए लोगों जागरूकता लाने के संबंध में लोगों से अपील की और ग्रामीणों तथा मौजूद बच्चों को मास्क बांटकर कोरोना जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस महामारी से बचने का सबसे अच्छा साधन मास्क ही है जिसे लगाकर हम अपना जीवन बचा सकते है। उन्होंने राजीव गांधी सेवा केंद्र में सरपंच सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों को आमजन को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने के संबंध में निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शिवचरन मीना, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राजकुमार मीना, विकास अधिकारी रामबोल सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के मनोज, योगेश त्रिवेदी, भगवान सिंह मीना, सरपंच कौलारी प्रियंका लोधी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ