एनएफएसए के अपात्र सरकारी कर्मियों को चेतावनी: नोटिस मिलने के पांच दिन में राशि जमा नहीं तो उनके खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
खाद्य सुरक्षा योजना में अपात्र होते हुए भी चयनित होकर लगातार गेहूं लेने वाले एनएफएसए चयनित अपात्र सरकारी कर्मचारियों को अब नोटिस मिलने के पांच दिन में राशि जमा नहीं करवाने के बाद पुलिस में मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी है। अपात्र हाेते हुए भी 2 रुपए प्रति किलो के हिसाब से एनएफएसए में गेहूं उठाने वाले अपात्र कर्मचारियों को नोटिस जारी कर अब 27 रुपए प्रति किलो के हिसाब से वसूली की जाएगी। जिले में 1836 कर्मचारियों को एनएफएसए चयनित के रूप में चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 300 कर्मचारियों ने 32 लाख रुपए जमा करवा दिए हैं। काफी संख्या में कर्मचारी नोटिसों की तामील होने के बाद भी राशि जमा नहीं करवा रहे हैं। एसडीएम श्रीगंगानगर उम्मेद
सिंह रतनू के अनुसार जिन कर्मचारियों ने नोटिस जारी हाेने के बाद भी राशि जमा नहीं करवाई है, अब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की और विभागीय कार्रवाई भी होगी।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अल्प आय वर्ग को 2 रुपए प्रति किलो के हिसाब से गेहूं देने का प्रावधान है। कई सरकारी कर्मचारियाें द्वारा अपात्र होने के बावजूद इस योजना का फायदा उठाया जा रहा है। जांच समिति द्वारा इनकी सूची
बनाई गई है। सभी सरकारी कर्मचारियाें को नोटिस जारी किए गए हैं। जिन कर्मचारियाें की ओर से सरकारी सेवा में होने पर भी गेहूं उठाया गया है उन्हें 27 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से राशि जमा करवानी होगी। एसडीएम उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि इस संबंध में संबधित कर्मचारियाें को नोटिस मिलने के 5 दिन के अंदर वसूली योग्य राशि जमा करवानी होगी। अगर कोई कर्मचारी एनएफएसए का सरकारी सेवा में होने के बावजूद भी लाभ ले रहा है तो वो बिना नोटिस का इंतजार किए संबंधित एसडीएम कार्यालय में संपर्क कर अब तक लिए गेहूं की जानकारी लेकर वसूली की राशि बिना जमा करवा दें।
जांच टीमाें की रिपाेर्ट के बाद सरकारी कर्मचारियाें की बनाई थी सूची- पिछले दिनों संभागीय आयुक्त भंवरलाल मेहरा ने जिला कलेक्टर व जिला स्तरीय अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा योजना में लाभान्वित सरकारी कर्मचारियाें की पहचान करने के लिए जांच कराने के निर्देश दिए गए थे। इसकी पालना में जांच टीमें गठित की गई थी। इन जांच टीमों की रिपोर्ट के द्वारा इन सरकारी कर्मचारियाें की सूची बनाई गई है।
जारी सूची के अनुसार- किस उपखंड में कितने अपात्र कर्मी लाभान्वित
जिला प्रशासन की ओर से जारी एनएफएसए में अपात्र सरकारी कर्मियों की सूचियों के अनुसार अनूपगढ़ उपखंड में 93, श्रीगंगानगर में 587, घड़साना में 201, श्रीकरणपुर में 122, पदमपुर में 127, रायसिंहनगर में 137, सादुलशहर में 174, श्रीबिजयनगर में 121 और सूरतगढ़ उपखंड में 274 सरकारी कर्मचारी चिन्हित किए गए हैं। जिले में कुल 1836 कर्मचारी चिन्हित किए गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ