सुंदनी स्कूल में संस्थाप्रधान, महिला चतुर्थश्रेणी कर्मचारी के बीच विवाद के बाद गर्माया माहौल

गढी उपखंड के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदनी में दो दिन पूर्व संस्था प्रधान और चतुर्थश्रेणी महिला कर्मचारी के बीच स्कूल संचालन के दौरान साफ सफाई एवं अन्य कार्यों को लेकर विवाद के बाद माहौल गरमाने का मामला सामने आया है। विवाद और हंगामे की जानकारी पर चतुर्थश्रेणी महिला कर्मचारी के परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे।

ग्रामीणों ने संस्था प्रधान और चतुर्थश्रेणी महिला कर्मचारी को समझाकर मामला शांत कराया। जानकारी के अनुसार चतुर्थश्रेणी महिला कर्मचारी संतोष गर्ग ने संस्था प्रधान योगेश त्रिवेदी पर अभद्र भाषा बोलने का आरोप लगाते हुए स्कूल समय में कार्य को लेकर परेशान करने और चिल्लाने का आरोप लगाया है। साथ ही संस्था प्रधान द्वारा उसकी सीएल मंजूर नहीं करने का भी आरोप लगाया। बुधवार को ग्रामीणों को इस संबंध में

जानकारी मिली तो विद्यालय विकास समिति और गांव के अन्य प्रबुद्ध लोग स्कूल पहुंचे और संस्था प्रधान एवं चतुर्थश्रेणी महिला कर्मचारी से समझाइश कर मामला शांत कराया। संस्था प्रधान योगेश त्रिवेदी ने बताया कि आरोप निराधार है। स्कूल के संचालन समय में नियमानुसार छोटे मोटे कार्यों को लेकर चतुर्थश्रेणी महिला कार्मिक संतोष गर्ग को बताए गए। विद्यालय समय पर खोलने और समय पर बंद करने के बारे में ही कहा है।

इसके अलावा किसी प्रकार की डांट फटकार या अभद्र भाषा जैसी कोई भी बात नहीं की है। चतुर्थश्रेणी महिला कार्मिक ने जब भी सीएल मांगी गई है वह नियमानुसार उनको दी गई है। जिसका रिकॉर्ड विद्यालय में मौजूद है। स्कूल स्तर से जुड़ा मामला था जो विद्यालय विकास समिति और ग्रामीणों की मौजूदगी में समझाइश कर ली गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ