बाडलवास में युवती पर चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, मनोज द्वारा दहेज मांगने पर मुनेश के परिवार वालों ने रिश्ता खत्म कर दिया था।
पुलिस ने एक माह पूर्व युवती पर चाकू से हमला करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसआई मदनलाल ने बताया कि 10 सितंबर को ढाणी नाडियावाला तन बाड़लवास निवासी रामजीलाल ने रिपोर्ट दी कि दोपहर को उसकी पुत्री मुनेश घर पर अकेली थी। इसी दौरान हरीपुरा पाटन निवासी मनोज अपने साथियों के साथ आया। वह घर में घुस गया और मुनेश को आवाज दी जैसे ही मुनेश कमरे से बाहर आई तो मनोज ने ताबड़तोड़ उस पर चाकू से हमला कर दिया।
मुनेश को जान से मारने की नियत से आरोपी ने उसके गले पर व हाथों पर चाकू से वार किया। हमला होने पर मुनेश चिल्लाई तो आरोपी वहां से भाग गया। चार-पांच दिन पहले भी आरोपी ने फोन पर मुनेश को जान से मारने की धमकी दी थी। रिपोर्ट के अनुसार मनोज द्वारा दहेज मांगने पर मुनेश के परिवार वालों ने रिश्ता खत्म कर दिया था। जिसकी रंजिश को लेकर मनोज ने मुनेश पर हमला कर दिया। मुखबिर की सूचना पर सोमवार को पुलिस ने रंवा में दबिश देकर मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ