मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत

शहर के मोदी बाग में मंगलवार रात घर की छत के ऊपर से निकल रही 11 हजार केवी बिजली लाइन में आ रहे करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक निजामपुर मोड़ राजौता-खेतड़ी-झुंझुनूं निवासी सूबेसिंह (30) है। मंगलवार को परिजन एवीएनएल अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग पर अस्पताल में धरने पर बैठ गए। करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन चला। इस दौरान मृतक के परिजनों की प्रशासनिक व एवीएनएल अधिकारियों से तीन दौर की वार्ता हुई।

प्रदर्शनकारी दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने, 20 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, मकानों के ऊपर से निकल रही बिजली लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट कराने की मांग रखी। मांगों पर सहमति के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।

उपखंड अधिकारी साधुराम जाट, प्रशिक्षु डीएसपी कर्णसिंह, सीआई राजेश डूडी सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन में महेन्द्र सिंह, पाटन पंस प्रधान संतोष गुर्जर, सांवलराम यादव, बसपा नेता राजेश मीणा भाईड़ा, छात्रसंघ अध्यक्ष विनोद कुमार सैनी, सरपंच जयसिंह भगोठ, जितेन्द्रसिंह, हवासिंह, दशहरथ सिंह, इंद्रकुमार, जसवंत सिंह, उदयसिंह, कंवरपाल सिंह, हुकमसिंह सहित दर्जनों लोग शामिल हुए।

ये था मामला : मंगलवार रात आठ बजे मोदी बाग में महेन्द्रसिंह के मकान पर निजामपुर मोड़ राजौता-खेतड़ी-झुंझुनूं निवासी सूबेसिंह (30) खाना खाने के बाद छत पर घूमने गया था। छत से निकल रही 11 हजार केवी लाइन के करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट कराने के लिए कई बार एवीएनएल अधिकारियों को शिकायत दी थी, लेकिन सुधार नहीं होने पर हादसा हो गया। सूबेसिंह अपनी बहन के घर आया हुआ था। उसके एक लड़का है।
भीड़ को लेकर प्रदर्शकारियों की अधिकारियों से बहस
कपिल अस्पताल में प्रदर्शन के दौरान भीड़ जमा करने व धरना देने के मामले में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से प्रदर्शनकारियों की बहस हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। अधिकारी कोरोना संक्रमण के चलते प्रदर्शनकारियों को भीड़ जमा नहीं करने को कह रहे थे तो कुछ लोग भड़क गए। करीब पांच घंटे प्रदर्शन चला।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The young man died on the spot due to the high-tension line passing over the house


टिप्पणियाँ