कोतवाली पुलिस ने मुम्बई इंडियन और चेन्नई के बीच चल रहे क्रिकेट मैच में आन लाइन सट्टा लगवाते एक बुकी को पकड़ा। 1 लैपटॉप, 2 मोबाइल व सट्टे का हिसाब मिला। आरोपी इतना शातिर है कि पुलिस रकम का पता न लगा पाए, इसलिए वह सट्टे की रकम के आगे 0 नहीं लगाता। कोतवाल उदयसिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि दूगड बालिका स्कूल के सामने फ्लैट में व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा खिला रहा था।
इस पर दबिश देकर वार्ड 20 निवासी राकेश दुगड़ पुत्र स्व.नगराज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राकेश बेंगलुरू में रहता है तथा हाल ही में फतेहपुर आया था। उसके अन्य परिजन मुंबई, कोलकात्ता, दिल्ली और सिलगुडी में सट्टे का कारोबार करते हैं।आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह स्काई एक्सचैप एप द्वारा अलग अलग लोगों की आईडी बनाकर मुम्बई, कोलकाता, बैंगलुरू व अन्य शहरों के लोगों से खाईवाल और लगाईवाल का कारोबार करता है। पूरे देश में उसने सट्टे का नेटवर्क फैला रखा है।
श्रीमाधोपुर : आईपीएल पर सट्टा लगाते 4 गिरफ्तार
जिले की विशेष पुलिस टीम व श्रीमाधोपुर पुलिस ने शनिवार देर शाम को आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते चार लोगों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी दातार सिंह के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35810 रुपए, 7 मोबाइल, एक एलईडी, रिमोट कंट्रोल, एक कार सहित हिसाब-किताब की कॉपिया बरामद की है।
सूचना मिली कि थी कि श्रीमाधोपुर बाइपास रोड पर एक होटल के पीछे एक मकान में कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। पुलिस टीम ने दबिश देकर श्रीमाधोपुर निवासी सतपाल, अमरसर निवासी कमरूद्दीन, रवि कुमार तथा श्रीमाधोपुर निवासी विनोद को गिरफ्तार कर लिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ