नेहरू युवा केंद्र की वर्चुअल कार्यशाला में तंबाकु मुक्त राजस्थान बनाने के लिए युवाओं को जोड़ने पर जोर
नेहरू युवा केन्द्र संगठन राजस्थान की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत तंबाकु मुक्त राजस्थान बनाने में नेहरू युवा केंद्र की भूमिका पर शनिवार को वर्चुअल कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें झुंझुनूं सहित प्रदेश भर से जिला युवा समन्वयकों एवं राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवकों ने भाग लिया। इंटरनेशनल यूनियन अगेंस्ट टीबी एंड लंग्स डिजीज के संयोजक एवं विशेषज्ञ डाॅ. अमित यादव ने कहा कि तंबाकु युवाओं को भ्रमित करके गलत रास्ते पर ले जा रहा है।
उन्होंने तंबाकु संबंधी विभिन्न कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि 15 से 20 फीसदी युवा तंबाकु उत्पाद काम में ले रहे हैं जो गंभीर बात है। राजस्थान को तंबाकु मुक्त बनाने के लिए कार्यरत एनटीसीपी के राज्य सलाहकार डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि इसके लिए राज्य में युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने की जरूरत है। एनटीपीसी के राज्य नोडल अधिकारी डॉ एसएन धौलपुरिया ने कहा कि एनटीसीपी सैल और नेहरू युवा केंद्र मिल कर तंबाकु मुक्त राजस्थान बनाने में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाएंगे।
पॉलिसी, एडवोकेसी एंड कम्यूनिकेशन के विशेषज्ञ मनीष पंत ने टोबैको एनफोर्समेंट एंड रिपोर्टिंग मूवमेंट पर चर्चा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर युवाओं को सतर्क रहना है कि कोई कानून का दुरुपयोग नहीं करे। उन्होंने कहा कि सरोगेट मार्केटिंग, सिनेमा अभिनेताओं द्वारा तंबाकु उत्पादों का प्रचार करना नैतिक कार्य नहीं है।
नेहरू युवा केंद्र के राज्य निदेशक डाॅ. भुवनेश जैन ने कहा कि नशीले पदार्थों के विरुद्ध नेहरू युवा केंद्र, राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक एवं युवा मंडल जन जागरण का कार्य कर रहे हैं। पॉजिटिव जीवन शैली, फिट इंडिया, मादक पदार्थों के विरुद्ध युवा अभियान में तंबाकु के विरुद्ध जन जागरण प्रत्येक जिले में किया जाएगा। एसआरकेपीएस के अध्यक्ष राजन चौधरी ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र, राज्य सरकार एवं अन्य संगठन, संस्थाएं मिल कर तंबाकु नियंत्रण अभियान को युवाओंं का अभियान बनाएंगे।
कार्यक्रम का समन्वय ज्योति चौधरी और नेहरू युवा केंद्र झुंझुनूं के जिला युवा समन्वयक राजीव अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सोनित कुमार, अजय सैनी, बृजलाल शर्मा, राजाराम चौधरी, दिलीप चंद्र ने संवाद में भाग लिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ