पीएचसी नारवां, सब सेंटर बालरवा, घेवड़ा ढाढ़निया बंद मिले, चामू में डॉक्टर अनुपस्थित

गांव-ढाणियों में कोरोना के अलावा नॉन कोविड मरीजों को इलाज की सुविधा मिलने का दावा कर रहे स्वास्थ्य विभाग की बुधवार को पोल खुल गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुनील कुमार बिस्ट जिले के चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। डॉ. बिष्ट सुबह 9.05 बजे पीएचसी नारवां पहुंचे तो केंद्र ही बंद मिला।

वहीं सब सेंटर बालरवा, ढाढ़निया, घेवड़ा भी बंद मिले। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चामू में डॉक्टर अनुपस्थित मिले। डॉ. बिस्ट ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेराई का भी निरीक्षण किया, जहां दो मेडिकल ऑफिसर पिछले तीन दिन से अनुपस्थित पाए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतू कलां में स्टाफ उपस्थित मिला। डाॅ. बिष्ट ने बताया कि सुबह ओसियां, तिंवरी और बालेसर ब्लॉक में सीएचसी-पीएचसी और सब सेंटर के निरीक्षण पर गया था। कुछ जगह पीएचसी सब सेंटर बंद मिले तो कहीं डॉक्टर अनुपस्थित मिले।

सीएचसी तिंवरी में साफ सफाई, टीकाकरण-वैक्सीनेशन कार्ड का संधारण सही तरीके से नहीं मिला। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए किए जाने वाले एंटी लार्वा एक्टिविटी स्लाइड कलेक्शन आदि कार्य भी असंतोषजनक था। स्टाफ बिना यूनिफॉर्म और आईकार्ड के मिला। अनुपस्थित मिले डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट जाॅइंट डायरेक्टर को भेजी जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ