बीटीपी नेता व आसपुर से विधायक प्रत्याशी रहा डामोर प्रतापगढ़ के जंगल से गिरफ्तार

नेशनल हाइवे उपद्रव मामले में अपराधिक षड्यंत्र रचने व हिंसा भड़काने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने बीटीपी नेता व आसपुर विधानसभा चुनाव में बीटीपी के विधायक प्रत्याशी रहे उमेश डामोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीटीपी नेता उमेश को प्रतापगढ़ जिले के रठांजना थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार किया है। पुलिस उपअधीक्षक मनोज सामरिया ने बताया कि टांटिया गणेशपुर निवासी उमेश डामोर ने उकसाने वाले उग्र भाषण दिए थे। इस पर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

उल्लेखनीय है कि टीएसपी क्षेत्र में शिक्षक भर्ती 2018 की अनारक्षित वर्ग की सीट को जनजाति से भरने की मांग को लेकर कांकरी डूंगरी पर सात सितंबर से प्रदर्शन चल रहा था। यहां पर कुछ पदाधिकारियों ने उग्र भाषण देकर लोगों को उकसाया था। इसके बाद 24 सिंतबर को अचानक से लोगों ने नेशनल हाइवे जाम कर लिया। तीन दिन तक हाइवे सुलगता रहा। इसी के तहत पुलिस ने कुछ राजनीतिक पदाधिकारियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए। विधानसभा चुनाव में बीजेपी के गोपीचंद मीणा ने भारतीय ट्राईबल पार्टी के उमेश को 5330 मतों से पराजित किया था।

बीजेपी के गोपीचंद मीणा को 57 हजार 62 मत व भारतीय ट्राईबल पार्टी के उमेश डामोर को 51 हजार 732 वोट मिले। उल्लेखनीय है कि डूंगरपुर में हुए उपद्रव के कारण करोड़ों का नुकसान हुआ है। वहीं लोगों के घरों में भी तोड़फोड़ की गई।

कई राजनीतिक पदाधिकारियों की भूमिका की हो रही जांच
बताया जा रहा है कि पुलिस ने दो दिन पहले पांच राजनीतिक पदाधिकारी व एक सरकारी​ शिक्षक के घर पर पूछताछ के लिए पहुंची, लेकिन यहां पर कोई नहीं मिलने से पुलिस को बिना पूछताछ के लौटना पड़ा था। पुलिस की तरफ से नेशनल हाइवे उपद्रव मामले में सामने आए वीडियो फुटेज के जरिए कुछ राजनीतिक पदाधिकारियों की भूमिका जांच के दायरे में चल रही है। इसी के तहत पुलिस ने कुछ के खिलाफ साक्ष्य जुटा लिए है। एक बीटीपी नेता के खिलाफ आरोपों की पुष्टि होने पर गिरफ्तार किया है।

आसपुर पुलिस ने चार आरोपी पकड़े, अब तक 108 गिरफ्तार

नेशनल हाइवे उपद्रव मामले में बिछीवाड़ा पुलिस ने सोमवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रिजवान खान ने बताया कि धामोद फला गोगा निवासी राजकुमार पुत्र नारायणलाल वरहात, शिशोद फला बिजुड़ा निवासी मयंक पुत्र नाथुलाल अहारी, संजय पुत्र जीवाजी ढुहा, धामोद निवासी राजेंद्र पुत्र वेलाजी ढुहा को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों से पूछताछ व अनुसंधान जारी है। आरोपियों से उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। कार्यवाही करने वाली टीम में एएसआई लक्ष्मणलाल, रिपुदमन सिंह, नरेंद्र सिंह, वसीम खान व यशपाल सिंह शामिल रहे। सदर, बिछीवाड़ा व दोवड़ा थाना पुलिस अब त​क 108 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं 16 आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया है। जिले की पुलिस उपद्रवियों की तलाश के लिए वीडियो काे भी खंगाल रही है। इसी के आधार पर अब तक कई गिरफ्तारी हो चुकी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ