राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना की सामुदायिक जागरूकता एवं सहभागिता सलाहकार इकाई की ओर से परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को कोरोना से बचाव, स्वच्छता, स्वास्थ्य, केेंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से श्रम कल्याण के लिए चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए कार्यक्रम रखा गया। राजस्थान पब्लिक स्कूल, मेदांता हास्पिटल के पास श्रमिक जागरूकता कार्यक्रम में प्रोजेक्ट के अधिकारियों, चिकित्सा विभाग के अधिकारियों, तकनीकी सलाहकारों एवं श्रमिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता आशीष गुप्ता ने परियोजना श्रमिकों को दैनिक जीवन में स्वस्थ रहने के गुर बताए तथा कहा कि यदि हम जीवन में छोटी-छोटी बातों पर ध्यान दें तो बीमारी को दूर भगा सकते हैं। गुप्ता ने गरीबी एवं गंदगी के आपसी संबंध पर कहा कि यदि गंदगी होगी तो हमारा कमाया हुआ पैसा बीमारी के इलाज पर खर्च होने के साथ ही मजदूरी का नुकसान होने से गरीबी अपने पैर पसार लेती है। इसलिए जिस भी माहौल में रहें सफाई हमेशा रखनी चाहिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से आए संतोष कुमार ने कोरोना महामारी से बचाव के तरीकों पर कहा कि हमें काम के दौरान हमेशा मास्क का सही तरीके से लगाना है। उसे गले में नहीं लटकाना है तथा 2 गज की दूरी बहुत जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की से आई वीरपाल कौर ने मौसमी बीमारियों जैसे स्वाइन फ्लू, मलेरिया, डेंगू जल जनित बीमारियों तथा इनसे बचाव के तरीकों पर बताया तथा कहा कि हम रोजमर्रा की जिंदगी में सावधानी रखें तो बीमारियों को दूर रखा जा सकता है। जयपुर से आए परियोजना के कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि यदि हम अपने बच्चों को शिक्षा दिलवाते हैं तो उनका सही विकास हो पाएगा।
एलएंडटी के सुरक्षा अधिकारी जगदीप सिंह ने श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरणों के उपयोग एवं उनके लाभ के बारे में जानकारी दी। सीएपीसी के सामाजिक विकास विशेषज्ञ चिरंजी लाल चन्देल ने पावर पाॅइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से श्रमिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, योजना के लिए पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी। श्रमिक जागरूकता कार्यक्रम में एलएंडटी से सुरेश काकड़े, एसओटी विकास शर्मा, अजय सैन, कुनाल वालिया ने भी सहभागिता निभाई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ