संभागीय आयुक्त रविवार सुबह निरीक्षण पर निकले, पांच अस्पतालाें में गैरहाजिर डॉक्टरों-नर्सिंगकर्मियों को नोटिस
संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने रविवार को शहर के पांच अस्पतालों का निरीक्षण कर अनुपस्थित मिले डॉक्टरों और नर्सिंगकर्मियों को नोटिस दिए। संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील कुमार सिंह बिष्ट ने बताया कि संभागीय आयुक्त सुबह 9:35 बजे शहरी पीएचसी रातानाडा पहुंचे। जहां 15 में से 3 कर्मचारी उपस्थित मिले। बाद में सीएचसी रेजिडेंसी पर निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां 34 में से 22 कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
इसके बाद वे राजकीय चिकित्सालय पुलिस लाइन का निरीक्षण किया तो वहां 6 में से 2 ही उपस्थित मिले। वहां से डॉ. शर्मा शहरी पीएचसी राजीव गांधी कच्ची बस्ती देवनगर पहुंचे वहां 13 में से 8 कर्मचारी ही उपस्थित मिले। उसके बाद सैटेलाइट अस्पताल चौपासनी हाउसिंग बोर्ड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सा अधिकारियों व अन्य स्टाफ की उपस्थिति पर संतोष जाहिर किया। डॉ. बिष्ट ने बताया कि संभागीय आयुक्त ने हाजिरी रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं करने वाले और समय पर नहीं आने वालों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने नोटिस जारी किए
संयुक्त निदेशक डॉ. बिस्ट ने बताया कि सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा ने संभागीय आयुक्त के अचानक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए व रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं करने वाले सभी चिकित्सा अधिकारियों व अन्य स्टाफ को रविवार को नोटिस जारी कर तुरंत स्पष्टीकरण देने को कहा।
स्टाफ को एप्रिन-यूनीफॉर्म और मास्क नहीं पहने देख हुए नाराज
डॉ. बिष्ट ने बताया कि संभागीय आयुक्त ने हाजिरी रजिस्टर देखा, एप्रिन नहीं पहनने वालों के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्टाफ को मास्क नहीं लगाए होने पर नाराजगी प्रकट की। संभागीय आयुक्त ने अस्पतालों में मरीजों के आउटडोर की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के उपभोक्ता होलसेल भंडार मेडिकल स्टोर की भी जांच की व कुछ जगह फार्मासिस्ट नहीं पाए गए।
संभागीय आयुक्त ने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड अस्पताल में उपभोक्ता होलसेल भंडार का निरीक्षण किया, जहां पर पुरानी दर की ब्रांडेड जेनेरिक दवाइयां ज्यादा दर पर विक्रय की जा रही थी। उन्होंने यूनीफॉर्म में नहीं पाए गए नर्सिंग व अन्य स्टाफ के प्रति नाराजगी जाहिर की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ