बिना मास्क ना निकलें, अभी समझाइश फिर होगा चालान, हेलमेट, सीट बेल्ट और मास्क- तीनों जरूरी; ये तभी मदद करेंगे, जब आप इन्हें पहनेंगे
जयपुर में सोमवार को ‘अभी मास्क ही वैक्सीन है’ अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस और दैनिक भास्कर की ओर से अजमेरी गेट यादगार के बाहर कोविड साइन बाेर्ड लगाए गए। अब शहर के प्रमुख चौराहों पर कोविड जागरूकता के लिए साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
अजमेरी गेट स्थित यादगार पर साेमवार दाेपहर दाे बजे दैनिक भास्कर के स्टेट एडिटर एलपी पंत, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश, डीसीपी ट्रैफिक आदर्श सिधू, एडिशनल डीसीपी ललित किशोर शर्मा व सतवीर सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने साइन बोर्ड लगाने के साथ ही मास्क व सेनेटाइजर बांटे। डीसीपी ट्रैफिक आदर्श सिधू ने कहा कि खुद को और अपनों को बचाने के लिए अभी मास्क ही वैक्सीन है। पुलिस हर चौराहे पर लोगों को समझाने के साथ ही चालानी कार्रवाई कर रही है।
^जब तक वैक्सीन नही आ जाती तब तक कोरोना रूपी चुनौती का सामना मास्क से ही किया जा सकता है। दैनिक भास्कर के साथ मिलकर मास्क ही वैक्सीन और नो मास्क-नो एंट्री अभियान शुरू कर रहे हैं। पुलिस के सभी ऑफिस में इसकी पालना कर रहे हैं। रेड लाइट पर कोविड साइन बोर्ड लोगों को जागरूक करेंगे। लगातार मास्क और सेनेटाइजर बांटे जाएंगे।
- राहुल प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर
हेलमेट और सीट बेल्ट ही नहीं मास्क भी बचाएगा जिंदगी
हेलमेट और सीट बेल्ट सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं और अब मास्क भी जिंदगी बचाने के लिए उतना ही जरूरी है। ये तीनों तभी मदद करेंगे, जब आप इन्हें पहनेंगे। कोरोनाकाल में नए सेफ्टी ऑब्जेक्ट्स वाले कोविड साइन बोर्ड अब लोगों को जागरूक करेंगे।
ट्रैफिक पुलिस और दैनिक भास्कर की ओर से हर चौराहों पर ये कोविड साइन बोर्ड लगवाए जाएंगे। जब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं बन जाती, तब तक मास्क ही वैक्सीन है। ये समझना होगा। मास्क नहीं लगाने पर 200 रुपए और 2 गज की दूरी नहीं रखने पर 100 रुपए का जुर्माना लगेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ