बालोतरा ब्लॉक सीएमएचओ के आकस्मिक निरीक्षण से गांवों में बने स्वास्थ्य केंद्र में कार्मिकों की उपस्थिति की पोल ही खुल गई। कल्याणपुर क्षेत्र के सब सेंटरों की जांच की गई तो कार्मिकों की अनुपस्थिति में बंद मिले। अधिकतर सब सेंटर बंद मिलने पर ब्लॉक सीएमएचओ ने तुरंत कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस भेजकर जवाब मांगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की ओर से अधिकारियों को सरकारी कार्यालयों के सघन निरीक्षण अभियान के निर्देश दिए गए है। बाड़मेर सीएमएचओ डॉ.बाबुलाल विश्नोई के निर्देशानुसार बालोतरा ब्लॉक सीएमएचओ डॉ.आर.आर.सुथार ने बुधवार को जोधपुर बॉर्डर पर बसे गांवों में जाकर स्वास्थ्य केंद्र की जांच की।
ब्लॉक सीएमएचओ डॉ.सुथार ने बताया कि कल्याणपुर क्षेत्र में आठ सब सेंटरों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसमें उप स्वास्थ्य केंद्र भगानियो की ढाणी, डोली कला, गोदावास खुर्द, अराबा ऊरा, ग्वालनाडा, गोदावास कल्ला बंद मिला। एएनएम नहीं होने से सब सेंटर बंद पाए गए।
इधर डोली राजगुरु व शिवनगरी के सब सेंटर में कार्मिक मिले लेकिन यूनिफार्म में नहीं थे। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आबा चौहान का निरीक्षण किया तो वहां डॉक्टर मुकेश के 17 तारीख से लगातार अनुपस्थिति का पता लगा। डाटा एंट्री ऑपरेटर महेंद्रसिंह भी अनुपस्थित मिले।
सब सेंटर भगानियो की ढाणी के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि एएनएम सप्ताह में सिर्फ एक बार ही आती है। इसके अलावा गोदावास कल्ला में एएनएम 10.15 बजे पहुंचे। सुथार ने बताया कि जिन स्वास्थ्य केंद्र में कार्मिक अनुपस्थित मिले उनको कारण बताओ नोटिस भेजकर जवाब मांगा।
हकीकत : जोधुपर जिले की सीमा के अस्पतालों में अक्सर गायब रहता है स्टाफ
कल्याणपुर क्षेत्र के कई गांव जोधपुर जिले के बॉर्डर पर ही बसे हैं। यहां पर नियमित व सघन निरीक्षण जरूरी है। जानकारी में सामने आया कि जोधपुर बॉर्डर पर बसे सब सेंटरों पर कार्मिक जोधुपर से अपडाउन करते हैं ऐसे में नियमित रूप से ड्यूटी दे नहीं पाते हैं या देर हो जाती है। जबकि सब सेंटर पर सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक ड्यूटी रहती है बाद में फील्ड में भी जाना पड़ता है। गांवों में सब सेंटर पर एएनएम नहीं मिलने से लोगांे को इलाज के लिए दूर-दराज स्वास्थ्य सेंटर जाना पड़ता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ