केन्द्र सरकार की और से अन्नदाता किसान के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब जयपुर जिले के अन्नदाताओं से 2 करोड़ 60 लाख 64 हजार रुपए की वसूली की जाएगी। दरअसल जिले में इस योजना के लिए आवेदन करने वाले 4 हजार 333 अन्नदाता, करदाता निकलकर सामने आए है। यह वसूली इन करदाताओं से की जाएगी।
चौंकाने वाली बात यह है कि जिले में कोटपूतली ब्लॉक में आयकर चुकाने वाले 271 किसानों ने भी यह राशि उठा ली। अब भारत सरकार ने राज्य सरकार को ऐसे किसानों की सूची थमाकर खाता संख्या दी। कहा कि सरकार इन किसानों से पैसाें की वसूली कराने के बाद इस खाते में पैसा जमा कराए।
जिले के 4333 किसानों ने जो अपात्र होने के बावजूद इस योजना का लाभ उठा लिया। जिले में इस योजना के लिए 3 लाख 92 हजार 765 किसानों ने आवेदन किया जिनमें से 3 लाख 76 हजार 365 किसानों के आवेदन स्वीकार किए गए।
अब 2.60 करोड़ रूपए वसूलेगा केंद्र
यह भी जानिए
- केंद्र सरकार की यह योजना 1 दिसंबर 2018 को हुई थी लागू
- 2 हैक्टेयर भूमिधारी लघु व सीमांत किसानों को किया था इसमें शामिल
- इनकम टैक्स चुकाने वाले किसानों को रखा गया था योजना से अलग
- 3 लाख 92 हजार 765 किसानों ने किया था आवेदन
- 3 लाख 76 हजार 365 किसानों के आवेदन हुए स्वीकार।
नियम कहता है कि करदाता किसान नहीं ले सकते हैं पीएम किसान सम्मान निधि योजना का फायदा
पीएम किसान सम्मान निधि योजना केन्द्र सरकार की है। इस योजना की 1 दिसंबर 2018 को शुरुआत हुई। योजना में 2 हैक्टेयर भूमिधारी लघु व सीमांत किसानों को शामिल किया गया था। इसमें किसान, उसकी पत्नी व उसके छोटे बच्चों को शामिल किया गया था। ऐसे किसानों की पहचान करने का जिम्मा राज्य सरकारों को दिया गया था। पैसा सीधे किसानों के खाते में केन्द्र सरकार ने डाला था।
इस योजना से करदाताओं को अलग रखा गया था। आवेदन करवाते समय आधार कार्ड की अनिवार्यता की गई थी। सरकार ने इनकम टैक्स विभाग से आधार कार्ड के जरिए डाटा मैच कराए तो यह खुलासा हुआ। हकीकत सामने आई कि आयकर दाता होते हुए भी किसानों ने यह राशि उठा ली, जबकि योजना में स्पष्ट था कि जो किसान करदाता है, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
कोटपूतली ब्लॉक के 19 हजार 802 किसानों ने इस योजना के लिए आवेदन किया जिनमें से 19 हजार 158 आवेदन अप्रूवड किए गए। जबकि पावटा ब्लॉक में 21 हजार 532 किसानों ने इस योजना के लिए आवेदन किया। इनमें से 21 हजर 105 आवेदन स्वीकार किए गए।
कोटपूतली ब्लॉक में 271 व पावटा ब्लॉक में 276 आयकर देने वाले किसानों ने भी इस योजना का लाभ उठा लिया। इस संबंध में तहसील कार्यालय के सूचना सहायक रतिराम ने बताया कि अब अायकर दाता किसानों से वसूली की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ