आगामी पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी के कार्यकर्ता अपना आवेदन आगामी 2 नवंबर तक जिला कांग्रेस कमेटी में जमा करा सकेंगे। निवर्तमान कांग्रेस जिला अध्यक्ष दिनेश खोड़निया ने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रियकांत पंड्या, रतनलाल पाटीदार, भरत नागदा, कैलाश रोत और अंशुमाला पंचाल को रोज सुबह 10 से शाम 5 बजे तक जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
जहां जिला परिषद के उम्मीदवार अपना आवेदन पेश कर सकेंगे। पंचायत समिति सदस्य के लिए उम्मीदवार जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पंचायत प्रभारियों के पास या निवर्तमान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मार्फत जिला चुनाव संचालन समिति तक आवेदन कर सकेंगे।
खोडनिया ने बताया कि इसके बाद आगामी 5 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के उम्मीदवारों को तय करने के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से नियुक्त प्रभारी के सानिध्य में जिला चुनाव संचालन समिति की बैठक प्रस्तावित है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ