जाेधपुर-नागाैर के बदमाशाें ने प्राेपर्टी डीलर काे अगवा कर मांगी थी 1 कराेड़ फिराैती, सरगना को ट्रेन से पकड़ा

साेजत राेड के प्रोपट्री डीलर चेनाराम कुमावत काे पिस्ताैल दिखा अपहरण करने व छोड़ने के बदले 1 कराेड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले का खुलासा करते हुए जाेधपुर व नागाैर जिले के बदमाशाें के गिराेह के सरगना राजू इनाणिया उर्फ आतंक पुत्र माणकराम जाट निवासी लिलिया, मेड़ता सिटी समेत चार मुल्जिमाें काे गिरफ्तार किया है। एसपी राहुल काेटाेकी ने बताया कि साेजतराेड के समीप से पिस्ताैल दिखा प्राेपर्टी डीलर व उसके चालक के अपहरण कर मेड़ता ले जाने तथा फिराैती मांगने की घटना में कुल आठ लाेग शामिल थे।

इनमें से गिराेह का मास्टर माइंड राजू इनाणिया व उसके तीन दाेस्ताें काे पकड़ लिया गया है, जबकि बाकी के चार बदमाशाें काे मामले में नामजद कर उनकी तलाश के लिए टीमें भेजी गई है। सरगना राजू ने ही 1 कराेड़ की फिराैती मांगी और 7 लाख रुपए व्यापारी से एडवांस में लिए, जबकि व्यापारी के दाेस्त द्वारा 70 लाख रुपए बाद में देने की गारंटी पर उनकाे छाेड़ा गया था।

घटना के बाद सभी आराेपी अलग-अलग जगह पर चले गए ताे सरगना राजू उर्फ आंतक जयपुर से ट्रेन में सवार हाेकर आंधप्रदेश जा रहा था। साेजत सीओ डाॅ. हेमंत जाखड़ के निर्देशन में साेजत थाना प्रभारी रामेश्वर भाटी व साेजतराेड एसएचओ सीमा जाखड़ के नेतृत्व में दाे टीमाें ने 2 हजार किमी तक पीछा कर सरगना राजू काे आंधप्रदेश के गुंडुर रेलवे स्टेशन पर दबाेच लिया। इसके बाद अलग-अलग जगह से उसके तीन साथियाें काे पकड़ा।

तीन गाड़ियाें में आए थे आठ बदमाश, फिल्मी स्टाइन में घेराबंदी कर किया था व्यापारी का अपहरण
एसपी ने बताया कि बिलाड़ा निवासी चैनाराम पुत्र छैलाराम कुमावत प्राेपर्टी डीलर है, जाे परिवार के साथ काफी समय से साेजतराेड में रहता है। गत 10 अक्टूबर की रात 11 बजे वह अपनी कार में चालक के साथ साेजत सिटी जा रहा था। सियाट गांव के माेड़ पर अचानक तीन गाड़ियाें में आए आठ बदमाशाें ने उसकी कार काे घेरा और लाठियाें व सरियाें से हमला किया। बदमाशाें ने कनपटी पर पिस्टल रखकर व्यापारी व उसके चालक से मारपीट की और दूसरी कार में डाल कर अपने साथ ले गए।

मेड़ता सिटी इलाके में ले जाकर आराेपियाें ने जान से मारने की धमकियां देकर उसे छाेड़ने के बदले 1 कराेड़ रुपए की फिराैती मांगी। इस पर व्यापारी ने मेड़ता में ही रहने वाले दाेस्त मनीष कमेड़िया काे फाेन करके बदमाशाें से उसे छाेड़ने के लिए 77 लाख रुपए में साैदा तय किया। व्यापारी ने 7 लाख रुपए उनकाे दिए और बाकी के 70 लाख रुपए की गारंटी अपने दाेस्त मनीष से दिलवाई। इसके बाद आराेपियाें ने व्यापारी व उसके चालक काे कार से रवाना किया।

हनीट्रेप में पकड़ा गया था सरगना, जेल से बाहर आते ही गिराेह बना व्यापारी काे किडनैप किया
सीओ साेजत डाॅ. हेमंत जाखड़ ने बताया कि व्यापारी के अपहरण व फिराैती मांगने की घटना में शामिल गिराेह के सरगना राजू इनाणिया के साथी डांगावास, मेड़ता निवासी नृसिंह डांगा पुत्र पुखराज जाट व सुरेंद्र कमेड़िया उर्फ गब्बर पुत्र केलाराम जाट तथा दीपक वैष्णव पुत्र कालूराम निवासी मेड़ता सिटी काे गिरफ्तार किया है। सरगना का मुख्य साथ अशाेक विश्नाेई उर्फ एस्टल निवासी तिलवासनी, जाेधपुर, राकेश खटीक पुत्र गाेपाराम निवासी खारिया मीठापुर, बिलाड़ा, विष्णु नायक पुत्र भीखाराम निवासी रेणी गेट, मेड़ता सिटी व बीके विश्नाेई फरार है, जिनकी तलाश के लिए टीमें भेजी गई है।

गिराेह का सरगना राजू उर्फ आतंक काे हनीट्रेप में फंसा कर एक व्यक्ति काे ब्लैकमेल करने के मामले में जाेधपुर में बनाड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जाे 17 सितंबर काे ही जेल से छूटा था और बाहर आते ही उसने गिराेह बना कर साेजतराेड के व्यापारी काे किडनैप किया।

सरगना ट्रेन में बैठा था, कांस्टेबल ने दिया क्लू, एक टीम प्लेन से दूसरी कार से पहुंची

गिराेह का सरगना राजू समेत सभी आराेपियाें ने अपने माेबाइल फाेन बंद कर अलग-अलग जगहाें पर चले गए। आराेपी राजू ने जयपुर में स्टेशन के बाहर ई मित्र से दिल्ली से त्रिवेंद्रम एक्सप्रेस ट्रेन में अपना टिकट बुक कराया और जयपुर से ट्रेन में बैठ गया। साेजतराेड थाने के कांस्टेबल जगदीश ने जयपुर के उस ई-मित्र से आराेपी के बारे में क्लू जुटाए।

इसके बाद साेजतराेड थाना प्रभारी सीमा जाखड़ की टीम काे प्लेन से आंधप्रदेश के लिए रवाना किया गया, जबकि साेजत थाना प्रभारी रामेश्वर भाटी की टीम कार से वहां पहुंची। पुलिस ने रेलवे पुलिस फाेर्स की मदद से आंधप्रदेश के गुंडूर रेलवे स्टेशन पर घेराबंद कर ट्रेन में बैठे आराेपी राजू काे गिरफ्तार किया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ