रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दीनदयाल स्मृति व्याख्यान में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 1950 और 1960 के दशक में चीन ने भारत की हजारों किमी भूमि पर कब्जा कर लिया। मगर हमारे नेताओं ने उसका विरोध नहीं किया। जिसका खामियाजा 1962 में भुगतना पड़ा। मगर आज भारत के सैनिकों में वो क्षमता है कि वह चीन से बराबर का मुकाबला कर रहे हैं। भारतीय सैनिकों में माकूल जवाब देने की ताकत है।
आत्म निर्भर भारत का संकल्प विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए सिंह ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने परमाणु परीक्षण की बात कही थी और अटलजी ने राजस्थान की धरती पर पांच परमाणु धमाके किए। मैं गर्व के साथ कहता हूं कि आज भारत के पास हर तरह की मिसाइल कैपेबिलिटी है। अंतरिक्ष में भी हम किसी का मुकाबला कर सकते हैं। इस देश में भी आधुनिक रक्षा सामग्री बन सकती है, यह भरोसा हमारी पूरी सरकार को है।
अगले 10 सालों में जल, थल, नभ में हम आत्मनिर्भर बनेंगे। सिंह ने कहा कि पिछले दिनों दूसरा बड़ा पॉलिसी अनाउंसमेंट हुआ है, वह है रक्षा के क्षेत्र में 74 प्रतिशत एफडीआई की मंजूरी।इससे विदेशी कंपनियां हमारे देश में आएगी और यही रक्षा उत्पाद बनाएंगी। डिफेंस में 1 मिलियन से ज्यादा के कारोबार का हमारा लक्ष्य है।
भ्रांतियों से किसानों को बरगलाया जा रहा है
राजनाथ सिंह ने कहा कि जो काम आजादी के तीन दशक में होने चाहिए थे, वह सात दशक बाद नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। आजादी के बाद ही किसानों के लिए काम किया गया होता तो शायद किसान आत्महत्या नहीं करता। किसान को उसकी उपज का पूरा दाम नहीं मिल पाया। अब जाकर हमारी सरकार ने किसानों को उसकी उपज का पूरा दाम मिलेगा, लेकिन इसे लेकर भ्रांतियां पैदा करके किसानों को बरगलाया जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ