घर के बाहर बच्चे बैडमिंटन खेल रहे थे, कॉक लेने जा रहे हनी को वाहन ने कुचला, कार चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
करधनी इलाके में निवारू रोड स्थित सरस्वती नगर में बुधवार को सुबह फॉरच्यूनर चालक ने 20 फीट आगे घर के बाहर खेल रहे 7 साल के मासूम को कुचल दिया। हादसे के बाद गाड़ी बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे पोल भी टूट गया।
लोगों ने गंभीर शिवराज सिंह उर्फ हनी को आरोपी की दूसरी कार से निवारू रोड स्थित निजी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से कांवटिया अस्पताल रैफर कर दिया गया। कांवटिया में चिकित्सकों ने हनी को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही आरोपी फॉरच्यूनर लेकर फरार हो गया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी की दो अन्य कारों में जमकर तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची करधनी और दुर्घटना थाना पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। शिवराज सिंह के चाचा हरिसिंह ने आरोपी सुरेश यादव के खिलाफ करधनी थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया।
सूना पड़ा है शिवराज का बैडमिंटन रैकेट
छुट्टियों के चलते बुधवार सुबह शिवराज घर के बाहर अन्य बच्चों के बैडमिंटन खेल रहा था। इस दौरान कॉक दूर गिर गई। शिवराज कॉक लेने ही जा रहा था कि फॉरच्यूनर ने कुचल दिया। घटना के बाद शाम तक शिवराज को रैकेट और चप्पल मौके पर ही पड़े थे।
आक्रोशित लोगों ने दो कारों के शीशे तोड़े

बिजली विभाग के कर्मचारी ने भी पोल तोड़ने का मामला दर्ज करवाया है। परिजनों ने रिपोर्ट में आरोप लगाया एक्सीडेंट करने वाला सुरेश कहीं काम करता है। रोजाना कॉलोनी में 4-5 कारें खड़ी कर देता है। इससे कॉलोनी का रास्ता बंद हो जाता है। वह उनके परिवार से रंजिश रखता था। इसलिए उसने जान बुझकर एक्सीडेंट किया है।
पुलिस ने शव को कोविड जांच के लिए कांवटिया अस्पताल में रखवाया है। रिपोर्ट आने के बाद गुरुवार को पोस्टमार्टम होगा। शिवराज अपनी माता-पिता की इकतौली संतान थी। वह पहली कक्षा में पढ़ता था। छुट्टियों के कारण घर पर ही रह रहा था। शिवराज के पिता रोहिताश सिंह एक फाइनेंस कंपनी में प्राइवेट जॉब करते हैं।
दादा पृथ्वी सिंह ने बताया कि वह मूल निवासी झुंझुनूं के चिड़ावा स्थित सुल्ताना गांव के रहने वाले है। करीब 15 साल से यहां सरस्वती नगर में दो बेटे रोहिताश व हरिसिंह के साथ रहते हैं। बड़े बेटे रोहिताश के शिवराज सिंह इकलौता बेटा और छोटे बेटे हरिसिंह के इकलौती बेटी तमन्ना है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ