पुष्कर में बढ़ती बाइक चोरी की वारदातों के चलते पुलिस ने आदतन अपराधियों व लपकों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन निकटवर्ती ग्राम होकरा के तीन बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े। तीनों के पास धारदार चाकू थे। इसके साथ ही पुलिस ने कमीशन के लालच में तीर्थ यात्रियों को परेशान कर रहे एक लपके को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पास के गांव होकरा निवासी सिकंदर, विजय सिंह व जय सिंह रावत चाकू लेकर उत्पात मचा रहे थे। तीनों को पुलिस ने नया बस स्टैंड, मेला मैदान समेत तीन अलग-अलग स्थानों से चाकू सहित रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सक्षम अदालत में पेश किया।
न्यायालय ने जयसिंह को जमानत पर रिहा कर दिया। जबकि सिकंदर व विजय सिंह को जेल भिजवा दिया। बताया गया है कि दोनों के खिलाफ लूट व चोरी के मामले भी थाने में दर्ज है। इसके अलावा पुलिस ने सावित्री मंदिर लिंक रोड पर कमीशन के लालच में तीर्थ यात्रियों को परेशान करने के आरोप में गनाहेड़ा निवासी कर्मा सिंह रावत को राजस्थान पर्यटन अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ