चौपानकी थाना इलाके के जोडिया चौक पर शनिवार सुबह चोरी के 31 साल पुराने मामले में भगोड़ा घोषित किए गए आरोपी को पकडऩे आई दिल्ली पुलिस की टीम पर आरोपी के समर्थकों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई और टीम के इंचार्ज एसआई की रिवाल्वर छीनकर आरोपी को छुड़ा ले गए। घटना के बाद जान बचाकर दिल्ली पुलिस चौपानकी थाने पहुंची। जिसके बाद स्थानीय पुलिस को मामले की भनक लगी। पुलिस ने बाद में गांव में दबिश दी तो आरोपी ठिकाने छोड़कर फरार हो गए। बाद में देर शाम स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को दबोच लिया गया।
दिल्ली पुलिस की पीओ सेल की एक टीम जोडिया गांव निवासी बिल्लू को पकडऩे लिए शनिवार सुबह पौने सात बजे इलाके में पहुंची। पुलिस को स्थानीय मुखबिर से उसके जोडिया चौक पर होने की सूचना मिली थी। आरोपी को जल्द पकडऩे के चक्कर में दिल्ली पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस को भी कार्रवाई की सूचना नहीं दी और सीधे मौके पर पहुंच गई। जहां बिल्लू उन्हें आता दिखाई दिया, जिसे उन्होंने पकड़कर अपनी कार में बैठा लिया और टीम सीधे निकल गई लेकिन आगे रास्ते की जानकारी नहीं होने के कारण वो वापस उसी रास्ते से थोड़ी देर में ही चौक पर वापस लौटे।
जहां बिल्लू के साथ के लोगों ने दो बाइक कार के आगे लगा कर उन्हें रोक लिया और कार को घेर लिया। पुलिसकर्मी कार से उतरे तो उनके साथ मारपीट शुरु कर दी। इसी दौरान टीम के इंचार्ज उपनिरीक्षक जयसिंह की पिस्टल को भी छीन लिया और कार से बिल्लू को निकालकर भगा दिया। दिल्ली पुलिस की टीम में कुल चार लोग थे।
इनमें से दो जनों ने फिर भी हिम्मत दिखाकर पिस्टल छीनने वाला का पीछाकर उससे पिस्टल वापस ले ली और मौके से सीधे चौपानकी थाने आकर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपियों के ठिकाने पर ताबड़तोड़ दबिश दी लेकिन आरोपी अपने ठिकाने छोड़कर फरार हो गए। घटना में हालांकि किसी पुलिसकर्मी के चोट नहीं आई है लेकिन हैडकांस्टेबल कुलदीप की शर्ट फट गई। टीम में दो एएसआई इंद्रसिंह व रितुल कुमार भी थे।
पहले भी आई टीम, तब भी चकमा देकर भाग गया था
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की उक्त टीम करीब एक माह पूर्व भी बिल्लू को पकडऩे आई थी। पुलिस ने तब भी उसे किसी झांसे में लेकर एक होटल पर बुला लिया था लेकिन उसी दौरान बिल्लू को टीम के दिल्ली पुलिस होने की भनक लग गई और वह टॉयलेट का बहाना कर बाहर की तरफ आया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया तो गच्चा देकर फरार हो गया था। लेकिन इस घटना से भी दिल्ली पुलिस की टीम ने सबक नहीं लिया और शनिवार को फिर से स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बगैर सीधे की उसे पकडऩे चली गई। पुलिस टीम ने बिल्लू को पकड़ भी लिया था लेकिन रास्तों के बारे में अनभिज्ञ होने के कारण वापस उन्हें उसी चौक पर आना पड़ा और उनके साथ उक्त घटना हो गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ