मास्क पहनने के लिए जागरूकता अभियान शुरू करेगी राज्य सरकार

प्रदेश में आम लोगों द्वारा सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने व हेल्थ प्रोटोकाॅल की पालना में जागरुकता लाने के लिए सरकार बड़े स्तर पर जनआंदाेलन चलाएगी। काेराेना संक्रमण काे लेकर रविवार काे सीएमआर में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री अशाेक गहलाेत ने इसके निर्देश दिए।

प्रदेशभर के एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एण्ड गाइड, नेहरू युवा केन्द्रों जैसे संगठनों से जुड़े विद्यार्थियों तथा युवाओं, अध्यापकों को इस आंदोलन का हिस्सा बनाया जाएगा। गहलाेत ने कहा कि कलेक्टरों के माध्यम से लेकर गांव स्तर तथा शहरी तथा कस्बाई क्षेत्रों में मोहल्ला समितियां बनाकर लोगों को हेल्थ प्रोटोकाॅल की पालना का संदेश देना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वायत्त शासन, पंचायती राज विभागों, नगर निगम, नगर पालिका सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, संगठनों आदि के सहयोग से अभियान को संचालित करने के लिए योजना शीघ्र तैयार करें।

गहलोत ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जागरूकता के इस जन आंदोलन में शामिल कार्यकर्ता सार्वजनिक जगहों पर बिना मास्क पहने लोगों को अपनी तरफ से मास्क वितरित कर इसे पहने रखने की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति बाजार, कार्यस्थल, सार्वजनिक परिवहन सहित भीड़-भाड़ वाली जगहों पर बिना मास्क नहीं रहें। उन्होंने कहा कि अभियान की अगुवाई जन प्रतिनिधियों, वर्तमान तथा पूर्व पार्षदों एवं विधायकों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा की जाए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ