रेलवे सहित विभिन्न भर्ती एजेंसियां ऑनलाइन करा रही हैं एग्जाम, आरपीएससी ने ढाई साल में एक भी नहीं कराया
रेलवे भर्ती बोर्ड सहित विभिन्न भर्ती एजेंसियां विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन एग्जाम का आयोजन कर रही हैं, लेकिन आरपीएससी ने लगता है ऑनलाइन एग्जाम से मुंह मोड़ लिया है। इसी का नतीजा है कि पिछले ढाई साल में आयोग का एक भी एग्जाम ऑनलाइन नहीं हुआ। आयोग द्वारा ऑनलाइन एग्जाम के अभ्यर्थियों के लिए तैयार कराया गया मेमोरी सॉफ्टवेयर भी उपयोग में नहीं आ रहा है।
रेलवे की ओर से करीब 2 करोड़ अभ्यर्थियों की परीक्षा का ऑनलाइन आयोजन 15 दिसंबर से किया जाना है। इसके अतिरिक्त यूजीसी की ओर से नेट की परीक्षा ऑनलाइन जारी है। एनटीए की ओर से जेईई मेंस का आयोजन ऑनलाइन किया जा चुका है। इन सबसे इतर, आरपीएससी ने अप्रेल 2018 के बाद से अब तक कोई परीक्षा ऑनलाइन आयोजित नहीं की है।
मेमोरी सॉफ्टवेयर से अभ्यर्थी प्रति सैकंड परीक्षा की स्थिति देख सकता है
आयोग ने मेमोरी सॉफ्टवेयर के माध्यम से परीक्षा का पुनरावलोकन अभ्यर्थियों को नेट के माध्यम से उपलब्ध कराया, जिसमें अभ्यर्थी उसके द्वारा दी गई परीक्षा के प्रति सैकंड स्थिति को देख सकता है। इसका नाम आयोग ने मेमाेरी (माई एग्जाम माई ऑनलाइन रि वीव्ज यस) दिया।
2011 में हो गई थी शुरुआत
आयोग ने वैसे तो 2011 से ऑनलाइन एग्जाम की शुरुआत कर दी थी, लेकिन तत्कालीन आयोग अध्यक्ष डॉ. ललित के पंवार ने इस दिशा में काफी काम किया। जुलाई 2016 तक आयोग ने कुल 132 परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित करा ली थीं। आयोग में ऑनलाइन परीक्षाओं के आयोजन को देखते हुए आयोग के आईटी डिपार्टमेंट ने भी इसमें नवाचार किया और अप्रेल 2015 में मेमोरी सॉफ्टवेयर तैयार कराया।
ऐसे करता है काम
आयोग के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक अभ्यर्थियों को मेमोरी वी 2.5 जिप डाउनलोड करना है। इसके बाद मेमोरी सॉफ्टवेयर पर अभ्यर्थी को संबंधित परीक्षा को सिलेक्ट कर अपना रोल नंबर, मोबाइल नंबर अपलोड व पासवर्ड अपलोड कर स्टार्ट मेमोरी बटन पर क्लिक करना है। ओपन करने के बाद अभ्यर्थी द्वारा परीक्षा में जो कुछ उसने किया उसे वह वीडियो की तरह देख सकता है।
आयोग को अतिरिक्त बजट नहीं करना पड़ा था खर्च | आयोग के सूत्रों के मुताबिक आयोग जिस फर्म के साथ ऑनलाइन एग्जाम आयोजित करा रही थी, उसने ही यह सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया था। परीक्षा के 15 दिन बाद तक लिंक सक्रिय रहता था।
आखिरी बार ये एग्जाम ऑनलाइन हुए | आयोग द्वारा अप्रेल 2018 में आखरी बार ऑनलाइन रूप में खान एवं भूविज्ञान विभाग, नगर नियोजन विभाग एवं कृषि विभाग के विभिन्न पदों की संवीक्षा परीक्षा ऑनलाइन (कम्प्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट पद्धति) रूप में ली थी।
मेमोरी सॉफ्टवेयर का फायदा 100 से अधिक परीक्षाओं के अभ्यर्थियों ने उठाया था। इस सॉफ्टवेयर में अभ्यर्थी को बहुआयामी फायदे मिले।
अखिलेश मित्तल, एडिशनल डायरेक्टर, आईटी, आरपीएससी, अजमेर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ