दिव्यांग काे कलेक्टर ने 2 घंटे में ट्राई साइकिल मंगवाकर दी,पूर्व में 60 प्रतिशत विकलांगता का मेडिकल प्रमाण-पत्र जारी हुआ है

ग्राम पंचायत 4 सी बड़ी ओड़की निवासी दिव्यांग जसविंदर सिंह पुत्र गुरूदीप सिंह के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा। जसविंदर चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ है और अपने दोनों हाथों के बल नीचे घिसट कर चलता है। जमीन पर घिसटकर चलने से उसके शरीर के अंगों में घिसावट होती है, इस वजह से वह बेहद परेशानी में था। पूर्व में 60 प्रतिशत विकलांगता का मेडिकल प्रमाण-पत्र जारी हुआ है।

जसविंदर ने बुधवार सुबह ही कलेक्टर महावीर प्रसाद वर्मा को प्रार्थना-पत्र देते हुए स्वयं के लिए ट्राई साइकिल उपलब्ध करवाने का निवेदन किया। इस पर कलेक्टर वर्मा ने संज्ञान लेते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में सहायक निदेशक विक्रम सिंह को पत्र लिख तुरंत ट्राई साइकिल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके 2 घंटे के भीतर ही ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी गई।

कलेक्टर वर्मा ने खुद प्रार्थी को कलेक्ट्रेट परिसर में यह ट्राई साइकिल भेंट की। ट्राई साइकिल पाकर मानो जसविंदर सिंह को पंख लग गए, वह बेहद ही प्रसन्न हुआ। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अब जसविंदर आसानी से कहीं भी जा सकता है और उसकी आने वाली जिंदगी की कठिनाइयां कम हो जाएंगी। वह किसी पर बोझ नहीं बनेगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ