ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों को 184 की बजाए 101 सीटें ही मिलीं

स्टाफ सलेक्शन कमीशन (एसएससी) की ओर से आयोजित की जा रही जूनियर इंजीनियर पदों की भर्ती में इकॉनामिकली वीकर सेक्शन यानी ईडब्ल्यूएस को निर्धारित 10 प्रतिशत से कम सीटें मिलने का मामला प्रकाश में आया है। एसएससी की ओर से जारी फाइनल वैकेंसी में ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को मात्र 101 सीटें दी गई हैं, जबकि अभ्यर्थियों का दावा है कि कुल 1845 पदों पर हो रही इस भर्ती में ईडब्ल्यूएस को 184 सीटें मिलनी चाहिए।

यानी करीब 83 सीटों का नुकसान ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को हो रहा है। एसएससी की ओर से हाल ही में जूनियर इंजीनियर(सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और क्वांटिटी सर्वेयिंग एंड कंट्रक्टस) परीक्षा 2018 की फाइनल वैकेंसी जारी की गई है। इस फाइनल वैकेंसी के बाद ही खुलासा हुआ कि कुल वैकेंसी में किस वर्ग को एसएससी की ओर से कितनी-कितनी सीटें दी गई हैं। अभ्यर्थियों का कहना है जूनियर इंजीनियरों के कुल 1845 पदों में से एससी वर्ग को 273, एसटी को 150, ओबीसी को 483, ईडब्ल्यूएस को 101, यूआर 838 सीटें दी गई हैं।
कल से डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू होगी

इस भर्ती से जुड़े प्रदेश के अभ्यर्थियों का कहना है कि इस भर्ती के प्रथम चरण की परीक्षा का परिणाम एसएससी ने 12 दिसंबर 2019 को घोषित कर दिया था। इसके अलावा एक अतिरिक्त परिणाम भी 27 दिसंबर 2019 को जारी किया था। इन परिणामों के आधार पर एसएससी ने सिविल के लिए 8697 और इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल के लिए 1938 अभ्यर्थियों को क्वालिफाइड किया था। ये सभी अभ्यर्थी इस भर्ती परीक्षा के द्वितीय पेपर में शामिल हुए।

द्वितीय पेपर का आयोजन 29 दिसंबर 2019 को हुआ। एसएससी ने प्रथम व द्वितीय पेपरों के मार्क्स के आधार पर सिविल व इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल में अलग-अलग एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, यूआर आदि की कट ऑफ मार्क्स जारी किए। इस कट ऑफ मार्क्स के आधार पर डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए पात्र अभ्यर्थियों के रोल नंबर व एडमिट कार्ड जारी किए गए। सोमवार से इस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होने जा रहा है।

इन विभागों के लिए हो रही है भर्ती
यह भर्ती बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन, सेंट्रल वाटर कमीशन, सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट, सेंट्रल वाटर एंड पावर रिसर्च स्टेशन, डायरेक्टोरेट ऑफ क्वालिटी एश्योरेंस और मिलिट्री इंजीनियरिंग सेवा में जूनियर इंजीनियर पदों के लिए हो रही है।
यह अभ्यर्थियों की आपत्ति
अभ्यर्थियों का कहना है कि केंद्र सरकार ने नौकरियों में ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। इस भर्ती में इस की अनुपालना नजर नहीं आ रही है। 10 की जगह मात्र 5.4 प्रतिशत ही आरक्षण ही ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों काे मिल पाया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
EWS candidates got 101 seats instead of 184.


टिप्पणियाँ