रोड़ी खोदने से मना करने पर पूर्व सैनिक को किया लहूलुहान, पिता के साथ भी मारपीट, क्रॉस केस दर्ज

लसानी के तालाब का वाडिया गांव में बुधवार को घर के सामने आम रास्ते पर रोड़ी खोदने से मना करने पर पूर्व सैनिक के साथ पड़ोसियों ने मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। हेम सिंह रावत ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र खीम सिंह रावत सुबह 9-10 बजे अपने घर से बाहर निकला था कि बाहर आम रास्ते पर रोड़ी खोदने को लेकर पड़ोस के लखन सिंह रावत, मदन सिंह, प्रवीण सिंह, शांता, कमला तथा लीला से कहासुनी हो गई।

इस पर उन लोगों ने हम राय होकर खीम सिंह पर पत्थर तथा कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर चोट आई। बहुत ज्यादा खून बहने से वह बेहोश हो गया। बीच-बचाव में आए खीम सिंह के पिता हेम सिंह के साथ भी इन लोगों ने मारपीट की। खीम सिंह की पत्नी के बीच-बचाव करने पर उसके काट खाया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद पंचायत सरपंच आशुराम मेवाड़ा घायल खीम सिंह को देवगढ़ हॉस्पिटल ले गए। खीम सिंह पूर्व सैनिक है। दूसरी और लखन सिंह ने भी हेम सिंह, खीम सिंह के खिलाफ मारपीट का मामला पुलिस में दर्ज कराया है।
खीम सिंह तथा लखन सिंह के मध्य रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर पहले भी कहासुनी हो चुकी है, लेकिन पंचायत के इसका स्थाई समाधान नहीं करने से बार-बार विवाद की स्थिति बनती रहती है। पुलिस थाना देवगढ़ में दोनों की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान के लिए सब इंस्पेक्टर गोरधन सिंह को जांच सौंपी गई है।

^अतिक्रमण की सूचना खीम सिंह ने मुझे दी थी, जिस पर मैं उनके साथ ही मौके पर पहुंचा तथा वहां लखन सिंह आदि लोगों को अतिक्रमण नहीं करने को लेकर समझाइश कर रहे थे। इसी दौरान कहासुनी हो गई तथा विवाद के बाद मारपीट की नौबत आ गई थी।
आशुराम मेवाड़ा, सरपंच, ग्राम पंचायत लसानी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ