संकटमोचक की भूमिका के बदले में माकन को मिली राजस्थान की कमान, राज्यसभा चुनावों में भी की थी बाड़ेबंदी
राजस्थान कांग्रेस में संकट मोचक की भूमिका निभाने के बदले में कांग्रेस आलाकमान ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन को राजस्थान का महासचिव प्रभारी बनाया है। सचिन पायलट की बगावत के बाद राजस्थान कांग्रेस में 32 दिनों तक चले सियासी घमासान में माकन पूरे समय गहलोत कैंप में आलाकमान के प्रतिनिधि के रूप में फ्रंट सीट पर रहे। इससे पहले वे राज्यसभा चुनावों के दौरान हुई बाड़ाबंदी में भी मौजूद रहे थे।
लगातार विधायकों से फीडबैक लिया और उसे आलाकमान तक भी पहुंचाया। अशोक गहलोत से माकन का पुराना नाता रहा है। माकन दिल्ली में सांसद थे तब गहलोत एआईसीसी में महासचिव रह चुके हैं। वे 2013 में राजस्थान की स्क्रिनिंग कमेटी के चेयरमैन भी रह चुके हैं। इस नाते वे राजस्थान कांग्रेस के ज्यादातर विधायकों और पदाधिकारियों से पहले से ही संपर्क में रहे हैं।
राहुल गांधी की कोर टीम में रहे माकन
माकन को राहुल गांधी का काफी करीबी माना जाता है। वे सिर्फ 56 साल के हैं। उनके पास लंबा राजनीतिक तजुर्बा भी रहा है। राहुल गांधी की युवा ब्रिगेड में माकन शामिल हैं। यूपीए सरकार में वे केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वे पार्टी प्रवक्ता भी रह चुके हैं। वे दो बार लोकसभा सांसद, दो बार केंद्रीय राज्य मंत्री व दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
अविनाश पांडे सत्ता और संगठन में नहीं बैठा पाए तालमेल
सीएम अशाेक गहलाेत और कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के बीच हाेने वाले विवादाें काे न ताे सुलझाया और न ही आलाकमान तक पहुंचाया। इससे केंद्रीय नेतृत्व पांडे से नाराज रहा। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जनवरी में ही सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए आठ सदस्यीय समन्वय समिति का गठन भी किया था, जिसका अध्यक्ष प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे को बनाया गया था। लेकिन पांडे ने समन्वय बनाने के लिए कभी मीटिंग नहीं बुलाई। डेढ़ साल से पांडे राजनीतिक नियुक्तियां नहीं करा पाए।
^सीएम गहलोत व सचिन पायलट एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ काम करते हुए सकारात्मक अनुभव रहे। सभी की एकता के चलते 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी। मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं।
-अविनाश पांडे, एआईसीसी महासचिव
^पूर्व केंद्रीय मंत्री, दिल्ली कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और दिल्ली विधानसभा के पूर्व स्पीकर अजय माकन को कांग्रेस महासचिव इंचार्ज राजस्थान बनने पर बहुत बहुत बधाई। उनके लंबे राजनैतिक अनुभव का लाभ निश्चित रूप से राजस्थान में सत्ता और संगठन को मिलेगा।
-गोविंदसिंह डोटासरा, पीसीसी अध्यक्ष
माकन काे जिम्मा क्याें?
1. पायलट गुट ने प्रियंका गांधी से अविनाश पांडे काे हटाने की मांग रखी थी।
2. सियासी संकट में शीर्ष नेतृत्व के प्रतिनिधि के रूप में लगातार प्रदेश में रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ