हिस्ट्रीशीटर रेखाराम का अपहरण, बदमाशों ने पीट-पीट कर मार डाला, विरोध-प्रदर्शन के बाद थानेदार लाइन हाजिर
अवैध बजरी के अवैध कारोबार को लेकर सिणधरी, आरजीटी और गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ रही है। अवैध खनन से पनपे बजरी माफियाओं के बीच गाड़ी तोड़-फोड़ से शुरू हुआ विवाद मर्डर तक पहुंच गया।
हिस्ट्रीशीटर रेखाराम व उसके सहयोगी पार्टनर डालूराम दोनों बजरी खनन का कारोबार पिछले काफी समय से कर रहे थे। दोनों एक-दूसरे के घनिष्ठ दोस्त भी थे। दस दिन पूर्व डालूराम की एक गाड़ी में तोड़फोड़ की घटना हुई, इसके बाद तोड़फोड़ का शक सहयोगी रेखाराम पर जताया था।
एक दिन पूर्व ही रेखाराम और डालूराम के बीच समझौता हुआ, लेकिन रात को डालूराम के बुलाने पर रेखाराम अपने पार्टनर के पास पहुंचा तो अपहरण कर लिया। इसके बाद पीट-पीट कर रेखाराम की हत्या कर दी। घटना के बाद घायलावस्था में रेखाराम को गुड़ामालानी ले गए और जहां उसके पुलिस ने बयान दर्ज किए और सांचोर रेफर कर दिया। बीच रास्ते में ही रेखाराम ने दम तोड़ दिया।
आरजीटी थाने में प्रेमाराम पुत्र ठाकराराम जाट निवासी अणखिया ने मामला दर्ज करवाया कि उसका भाई रेखाराम खुडासा के पास पहुंचा था। इस दौरान डालूराम डूडी का फोन आया तो कहा कि आप वीर तेजाजी होटल पर आ जाओ। वह और रेखाराम गाड़ी लेकर होटल पर पहुंचे। इस पर डालूराम बिना नंबरी बोलेरो कैंपर के साथ खड़ा था।
जैसे ही गाड़ी से उतर कर रेखाराम आगे डालूराम की गाड़ी की तरफ पहुंचा तो एक और बोलेरो कैंपर गाड़ी आई। जिसमें प्रहलादराम, कंवराराम, कमलेश व कंवराराम पुत्र दुर्गाराम और 9-10 अन्य लोग थे। हाथ में पिस्टल और लोहे की रोड़े थी। डालूराम ने रेखाराम की आंखों में मिर्ची डाल दी और जबरदस्ती उठा कर कैंपर में डाल दिया।
जब प्रेमाराम बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो आरोपियों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल रख दी। आरोपी उनकी कैंपर और एक लाख रुपए सहित लूट कर ले गए। इस बीच प्रेमाराम ने वहां से भाग कर जान बचाई। इसके बाद प्रेमाराम ने दमाराम को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद 11.15 बजे डालूराम का दमाराम के पास फोन आया कि रेखाराम को हमने मार दिया है।
भाटाला-कौशलू चौराहे पर रेखाराम को पटक कर आरोपी भाग गए। इसके बाद रेखाराम को घायलावस्था में गुड़ामालानी अस्पताल लेकर गए। जहां रेखाराम ने भी घटना की जानकारी दी। आरोपियों ने नाम बताते मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाने का आरोप लगाया। इसके बाद रेखाराम को सांचोर इलाज के लिए रेफर किया गया। जहां बीच रास्ते में रेखाराम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डंपर खरीदने के बाद शुरू हुआ दोनों के बीच विवाद
रिपोर्ट में भी बताया कि डालूराम डूडी से रेखाराम ने दो गाडिय़ां खरीदी थी। उसके पैसे रेखाराम ने डालूराम को दे दिए, लेकिन डालूराम ने उसके कागजात रेखाराम के नाम नहीं करवाए। रेखाराम और डालूराम के बीच घटना के दिन ही घर पर पंचायती हुई थी। इसके बाद डालूराम रंजिश रखने लगा। कुछ दिन पूर्व गाड़ी में तोड़फोड़ की घटना की हुई, उसका शक भी रेखाराम पर ही किया जा रहा था। ऐसे में साजिश रचकर रेखाराम का अपहरण किया और उसे पीट-पीट कर मार डाला।
आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर माने
हिस्ट्रीशीटर रेखाराम की मौत के बाद गुड़ामालानी कस्बा पुलिस छावनी बन गया। सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। एसपी आनंद शर्मा सहित पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शाम 4 बजे एसपी की ओर से आरजीटी थानाधिकारी को लाइन हाजिर किया और मामले की जांच गुड़ामालानी एसएचओ को दी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाने का आश्वासन दिया, इसके बाद परिजन शव उठाने पर राजी हुए।
हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द हो
- गुड़ामालानी में सरपंच पति रेखाराम की हत्या के मामले में शोक व्यक्त करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व मृतक आश्रितों को आर्थिक पैकेज देने की मांग करता हूं। घटना की जानकारी मिलते ही अलसुबह पुलिस महानिदेशक अपराध एमएल लाठर, जोधपुर रेंज आईजी व बाड़मेर एसपी से दूरभाष पर वार्ता करके आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। थानेदार सहित जिन पुलिस अधिकारियों को विवाद की जानकारी और बड़ी घटना होने का अंदेशा होने के बावजूद भी कार्यवाही नहीं की। सरकार की नाकामी से अपराधियों के हौंसले बुलंद है। - हनुमान बेनीवाल, सांसद नागौर।
टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश
- आरजीटी थाना क्षेत्र में रेखाराम की हत्या की सूचना के बाद मैं स्वयं गुड़ामालानी पहुंचा। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि थानेदार ने पूर्व में दर्ज मामले में कार्यवाही नहीं की थी, जिसकी वजह से यह घटना हुई है। इस पर आरजीटी थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है। समझाइश के बाद पीड़ित पक्ष ने शव उठा लिया है। - आनंद शर्मा, एसपी, बाड़मेर।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ