चट्टानेश्वर में नहाते समय युवक का पैर फिसला, मौत

कोटा के समीप पिकनिक स्पॉट चट्टानेश्वर में नहाते समय एक युवक का पैर फिसल जाने से रविवार को दर्दनाक मौत हो गई। युवक लॉकडाउन के बावजूद दोस्तों के साथ वहां पर पिकनिक मनाने गया था। जो दोस्त पिकनिक मनाने गए थे, उनमें से ज्यादातर को ढंग से तैरना तक नहीं आता था। नगर निगम के गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से शव को चट्टानेश्वर से निकाला गया। पुलिस द्वारा शव को एमबीएस के पोस्टमार्टम रूम में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि कैथून के गांव गणेशपुरा निवासी जितेन्द्र गुर्जर (18) रविवार को अपने स्कूल के पांच-छह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए चट्टानेश्वर आया था, जहां सभी दोस्त गड्ढे में नहा रहे थे। इसी दौरान जितेन्द्र गुर्जर का पैर फिसल गया और वह ज्यादा गहराई में चला गया। तैरना न आने के कारण जितेन्द्र की डूबने से मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने निगम के गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों ने मृतक का शव गड्ढे से निकाला। परिजनों ने मृतक की पहचान की। इस पर पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ