हवाई यात्रा के दौरान टेस्ट कराने के बाद अब नहीं होना पड़ेगा क्वारेंटाइन, घरेलू यात्रा में भी कई बदलाव

विदेशों से प्रदेश में आने वाले प्रवासी राजस्थानियों के लिए राहत की खबर है। यदि वे 7 दिन के संस्थागत क्वारेंटाइन से बचना चाहते हैं, तो अब उन्हें अपनी कोरोना की जांच करवानी होगी। जांच में निगेटिव मिलने पर ऐसे यात्रियों को अब सीधे घर जाने की अनुमति मिल सकेगी। वहीं राज्य सरकार ने घरेलू फ्लाइट्स के यात्रियों को भी क्वारेंटाइन में राहत दी है। दरअसल इंटरनेशनल फ्लाइट्स से देश में आने वाले यात्रियों के लिए शनिवार से कई नए नियम लागू होंगे। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स से विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए गाइडलाइंस में बदलाव किया है।

मंत्रालय ने 24 मई को जारी गाइडलाइंस में बदलाव करते हुए अब यात्रियों के लिए थोड़ी राहत दी है। इसके तहत अब यात्रियों को 14 दिन के क्वारेंटाइन रहना अनिवार्य नहीं होगा। ऐसे यात्री जो स्वस्थ हैं और भारत लौटने के बाद संस्थागत क्वारेंटाइन या होम क्वारेंटाइन नहीं होना चाहते, उन्हें इससे बचने के लिए कोरोना का टेस्ट करवाना होगा। कोरोना टेस्ट में आरटी-पीसीआर टेस्ट ही करवाना होगा।

घरेलू यात्रा में ये बदलाव

घरेलू यात्रियों के लिए राजस्थान में 14 दिन होम क्वारेंटाइन का नियम लागू था, लेकिन नए नियमों में बदलाव करते हुए इसे वॉलंटरी कर दिया गया है। अब यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे 14 दिन होम क्वारेंटाइन रहें।

ये बदलाव होंगे आज से लागू

  • सभी यात्रियाें को सात दिन संस्थागत और सात दिन होम क्वारंटीन में रहना होगा।
  • लेकिन यदि यात्री अपनी कोरोना टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट पेश करता है, तो उस स्थिति में उसे सात दिन के संस्थागत क्वारेंटाइन से छूट मिल जाएगी।
  • यात्रा से 96 घंटे पहले तक किया गया टेस्ट ही मान्य होगा। यानी 4 दिन से ज्यादा पुरानी टेस्ट रिपोर्ट मान्य नहीं होगी।
  • निगेटिव रिपोर्ट दिखाकर यात्री एयरपोर्ट से सीधे घर जा सकेंगे। हालांकि अत्यधिक बीमार, गर्भवती महिला, परिवार में मृत्यु की स्थिति में भी छूट मिलेगी।

कम नहीं हो रहा आंकड़ा, शहर में 103 नए केस, 2 मौतें

कोरोना पॉजिटिव केस का आंकड़ा 100 से कम नहीं हो रहा है। शनिवार को भी 103 पॉजिटिव केस आए और दो जनों की मौत हो गई। कुल पॉजिटिव का आंकड़ा 6353 और मौतों की संख्या 215 तक पहुंच गई है। सबसे अधिक केस सांगानेर से 12 और झोटवाड़ा से 11 केस। अजमेर रोड 8, मानसरोवर 6, आदर्श नगर से 4, अजमेर रोड 8, आमेर, भांकरोटा, जगतपुरा, रामगंज, सांभर, सिरसी, सीतापुरा, सोडाला, टोंक फाटक से 2-2, बस्सी, सी-स्कीम, गोपालपुरा, जमवरामगढ़, जेएलएन मार्ग, लाल कोठी, माणक चौक, पुरानी बस्ती, राजापार्क, सीकर रोड, सिरसी रोड, एसएमएस, तिलक नगर 1-1, ब्रह्मपुरी, चांदपोल 4-4 झोटवाड़ा 11, कोटपुतली 5, सांगानेर 12, शास्त्री नगर 3 और टोंक रोड से 6 केस सामने आए।

सुपर स्प्रेडर की जांच में 652 लोगों के सैंपल एकत्रित, 58 लोग मौके पर जांच में संदिग्ध
कोरोना की कुल जांचों में शनिवार काे सुपर स्प्रेडर की जांच में 652 लोगों के सैंपल एकत्रित किए गए। जिसमें से 58 लोग को मौके पर जांच में संदिग्ध पाया गया हैं। इनकी जांच रिपोर्ट रविवार को आएगी। तब तक ऐसे लोगों को होम क्वरेंटाइन में रहने के लिए कहा गया है। झोटवाड़ा व मुरलीपुरा 20, सोढ़ाला व देवी नगर में 20 , ईमली वाला फाटक व ज्योति नगर में 9, टाेंक फाटक व बरकत नगर में 5, सेठी काॅलाेनी में एक व्यक्ति को हाई रिस्क में पाया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो।


टिप्पणियाँ