सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगा जनरेटर सेट नहीं चलने के कारण बिजली सप्लाई बंद होने के बाद मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रात के समय में लाइट जाने के बाद यहां भर्ती मरीजों के साथ डिलिवरी वार्ड में भर्ती महिलाओं को भी परेशान होना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले करीब पांच माह से बैटरी खराब होने के कारण जनरेटर सेट कबाड़ हो रहा है। कस्बे में बिजली निगम की ओर से शट डाउन लेकर कई घंटों तक सप्लाई बंद कर दी जाती है। शुक्रवार रात को कस्बे के बिगड़े बिजली तंत्र से अस्पताल परिसर में जनरेटर नहीं चलने से अंधेरे के कारण एक सांप घुस गया।
जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहीं रात के समय अंधेरे में स्वानों का भी जमावड़ा लग जाता है। अस्पताल में रात के समय अंधेरा हो जाने से अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं एवं उनके नन्हे-मुन्ने बच्चों का हाल बुरा हो जाता है। जिसको लेकर मरीजों में भी नाराजगी देखी जा सकती है। अस्पताल प्रभारी डॉ. ओपी मीणा ने बताया कि जनरेटर लगातार काम नहीं आने से बैटरी डिस्चार्ज हो रही है। जल्द ही इसको बदलवा कर जनरेटर चालू करवाया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ