जमीन विवाद में चाचा को फंसाने बेटे ने मां को दिया जहर

जमीन व रास्ते के विवाद को सुलझता न देख एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां को ही ढाल बनाकर जान ले ली। रिश्ते में चाचा के साथ जमीन विवाद था और उन्हें जेल भिजवाने की योजना में अपनी मां को जहर खाने के लिए मजबूर कर दिया। मां ने जहर खा लिया। तड़पते तड़पते बहोश हुई मां को वह पड़ोसी के बाथरूम के छोड़ आया।

वहीं उसकी सांसें निकल गई। यह सब बेटा देखता रहा। बाद में खेत में जाकर सो गया। सुबह थाने पहुंचकर हत्या व अपहरण का हो हल्ला किया और चाचा पर मां को जहर देने आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया लेकिन पुलिस जांच में वह खुद ही हत्यारा निकल गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इससे पहले अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप में जेल में था। जमानत पर बाहर आया हुआ था और यह कांड कर दिया।

थानाधिकारी हरिसिंह राजपुरोहित ने बताया कि कानासर के सालुओं की ढाणी में 23 जुलाई को एक वृद्धा का शव उनके पड़ोसी देवर भैराराम के घर के बाथरूम के आगे मिला था। पोस्टमार्टम के बाद शव बेटे भागीरथ को सौंप दिया था। पुलिस तफ्तीश में वृद्धा का बेटा, पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड व वादरात के तरिके से शक के दायरे में आ गया। पुलिस ने वृद्धा के बेटे को पूछताछ के लिए बुलाया। गहनता व मनोवैज्ञानिक तरीकों से पूछताछ की तो उसने वारदात स्वीकार कर ली।

  • कब - 23 जुलाई को पड़ोसी के घर के आगे मिला था वृद्धा का शव, बेटे ने दर्ज कराया था मुकदमा
  • क्यों - उसकी जमीन चाचा के नाम हो गई थी, पंच पंचायती में जमीन वापस देना तय हुआ, मिली नहीं
  • कैसे - जमीन नहीं मिली तो मां के सामने जहर खाने का नाटक रचा, मां ने कहा- तू नहीं मैं खाऊं

मां को साथ लेकर पांच हजार रुपए निकाले, उन्हीं से खरीदा जहर
22 जुलाई को दिन में अपनी मां को लेकर कानासर आया। ई मित्र पर मां से अंगूठा लगवा पेंशन के पांच हजार रुपए निकलवाए। इसके बाद वह बाप आ गया। बाप में उसने उपखंड अधिकारी व बाप थाने में भैराराम वगैरह के खिलाफ रास्ता नहीं देने व मारपीट करने का मामला दर्ज करवाया।

बाप से जाते समय वह कीटनाशक लेकर घर गया। रात में उसने मां का वीडियो बनाया, जिसमें मां कह रही है कि उसके व बेटे के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसने मां को कहा कि दोनों जहर खा लेते हैं, जिससे भैराराम जेल चला जाएगा लेकिन मां ने कहा कि तू जहर क्यों खा रहा हैं, मैं ही खा लेती हूं। इसके बाद उसने दबाव बनाया कि मां तुम जहर खाती हो या मैं खाता हूं। बेटे के मजबूर करने पर वृद्धा ने कीटनाशक पी लिया। इसके बाद मां के शव को भैराराम के घर के आगे डाल वह खेत में सोने चला गया।

खुद ने बताई मां को खत्म करने की कहानी
भागीरथ ने पुलिस को बताया कि उसने ही मां को जहर लेने के लिए मजबूर किया था। उसकी मां भैराराम के घर के आगे जाकर मरेगी तो वह जेल चला जाएगा। भागीरथ के पिता के नाम की जमीन कई वर्षों पहले भैराराम के परिवार के नाम चढ़ गई थी।

विवाद को लेकर पंच –पंचायती में भैराराम ने 5 बीघा जमीन देना तय किया था, लेकिन रजिस्ट्री नहीं करवाई। जिस पर भागीरथ ने सोचा कि जमीन तो वह देगा नहीं। मां वृद्ध होने के साथ बीमार भी है। ऐसे में वह अगर भैराराम के घर के आगे जकर खाकर मर जाए तो भैराराम जेल चला जाएगा।

प्रेमिका को भी जहर देकर मारा

थानाधिकारी राजपुरोहित ने बताया कि आरोपी भागीरथ शादी की नीयत से अपनी प्रेमिका को भगाकर लाया था। उसे भी उसने जहर देकर मारने के बाद नहर में फेंक दिया था। एक साल जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आया हुआ था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भागीरथ


टिप्पणियाँ