बायोमेडिकल वेस्ट को मिट्टी डाल दबाने पर भाजपा नेता सहारण बोले-वेस्ट व ठेकेदार को हटाओ नहीं तो अधीक्षक का करेंगे घेराव
जिले के सबसे बड़े राजकीय डीबी अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट को ठेकेदार द्वारा मिट्टी डालकर दबाने के मामले को लेकर निवर्तमान जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने आक्रोश जताते हुए ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण को लेकर अस्पताल प्रशासन लापरवाह बना हुआ है।
भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि 24 घंटे में वेस्ट को नहीं हटाया गया तो भाजपा अधीक्षक का घेराव करेगी। सहारण के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. वासुदेव चावला, जिला मंत्री हेमसिंह शेखावत भी थे। उल्लेखनीय है कि अस्पतालों से बायोमेडिकल वेस्ट प्रतिदिन नहीं उठाने व अस्पताल की मोर्चरी के पास बायोमेडिकल वेस्ट को मिट्टी डालकर दबाने की लापरवाही दैनिक भास्कर ने उजागर की थी।
बुधवार को भाजपा पदाधिकारियों के सहारण जिला प्रमुख सहारण ने अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट को जमीन दबाने वाले स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में खड़े होकर उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए जनस्वास्थ्य के प्रति अस्पताल अधीक्षक के लापरवाह रवैये पर नाराजगी जताई। मौका मुआयना के दौरान सहारण ने लोगों से भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट को मिट्टी में आधा दबाना सीधा-सीधा भ्रष्टाचार है। अस्पताल प्रशासन भी ठेकेदार से मिला हुआ है, अन्यथा अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
सहारण बोले-ये खतरनाक संक्रमण है, इसको लेकर भाजपा चुप नहीं रहेगी
सहारण बुधवार को अस्पताल पहुंचे तो मोर्चरी के कोने व आसपास पड़े वेस्ट में आवारा कुत्ते विचरण कर रहे थे। कहा ये खतरनाक स्थिति है, क्योंकि कुत्ते इधर-उधर जाकर संक्रमण फैला सकते हैं। इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई जरूरी है। आरोप लगाया कि ऐसे लापरवाही भरे कार्य प्रशासन के नाक के नीचे हो रहे हैं और प्रशासन मौन है। सहारण ने इस संबंध में कलेक्टर से मांग की कि वे खुद इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द संबंधित दोषियों पर सख्त कार्यवाही करें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ