स्वतंत्रता दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज उतारना भूले, पंचायत भवन पर रविवार सुबह तक फहराता रहा तिरंगा, ग्रामीणों की शिकायत पर उतारा
(सुनील पांडे)। भरतपुर जिले में भुसावर के ग्राम पंचायत चैंटोंली में पंचायत प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया लेकिन जिम्मेदार उसे उतारना ही भूल गए। अगले दिन 16 अगस्त को भी नहीं उतारा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी जिसके बाद पंचायत के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज उतारा।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत चैंटोंली के राजीव गांधी सेवा केंद्र पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया था। शाम होने से पहले तिरंगे को उतार लेना चाहिए था रविवार सुबह तक पंचायत भवन पर झंडा फहराता हुआ मिला। इसे देखकर ग्रामीण चकित रह गए। इस पर कुछ ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लिया और समय भी नोट कर लिया।
ग्रामीणों की सूचना पर जिम्मेदारों की नींद टूटी
राष्ट्रीय ध्वज को लेकर पंचायत द्वारा घोर लापरवाही सामने आई। ग्रामीणों ने अधिकारियों को सूचना दी तब जाकर उनकी नींद टूटी और राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने कार्यालय पहुंच गए और आनन-फानन में ध्वज को उतारा। इस बारे में सरपंच से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ