खेत में जबरन काश्त करने का विरोध करने पर मारपीट

तहसील के गांव सोनियासर शिवदान सिंह में मां-बेटी द्वारा अपने हिस्से की भूमि पर काश्त करने का विरोध करने पर उसी के परिवार के लोगों ने मारपीट की है। थानाधिकारी वेदपाल श्योराण ने बताया कि सोनियासर निवासी गंगादेवी अपनी बेटी सुशीला देवी के साथ अपने खेत में बनी ढाणी में रहती है।

पिछली 31 जुलाई को गंगादेवी के हिस्सा-पांती में आए खेत पर भंवरलाल, मीरा, कुंभाराम, मुनीराम और बाडेला निवासी महेन्द्र, मुकेश ने बिजाई कर दी। गंगादेवी व सुशीला देवी ने विरोध भी किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर ढाणी में बंद कर दिया। इसकी सूचना गंगादेवी के जवाई सुजानगढ़ के सडू छोटी निवासी प्रहलादराम को मिली तो वह अपने पिता भंवरलाल ढाका के साथ गांव सोनियासर शिवदान सिंह पहुंचा।

इनके आने पर आरोपियों ने इन बाप-बेटों के साथ भी लाठियों से मारपीट की। आरोपियों ने पीड़ितों के पहने हुए गहने एवं मोटरसाइकिल भी छीन ली व अपने साथ ले गए। पारिवारिक मसला होने के कारण इतने दिनों तक समाज की पंचायती की लेकिन आरोपी नहीं माने तो पीड़ितों ने मजबूरी में मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल आवडदान को सौंपी गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ