पहाड़ी पर बकरी चराने गया युवक नहीं लौटा, ग्रामीणों ने रातभर चलाया सर्च अभियान, बघेरे के शिकार का अंदेशा
जिले के सदर थाना क्षेत्र के हाजीपुर डड़ीकर गांव के पहाड़ों में शनिवार शाम को बकरी चराने गया एक युवक लापता हो गया। जबकि, बकरी शाम होते ही गांव लौट आई। युवक के लापता की खबर गांव में फैलने के बाद सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण हाथ में डंडे लेकर पहाड़ों पर चले गए। वहां लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी युवक का पता नहीं चला। रविवार को फिर से तलाश शुरु हुई। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पहाड़ में जिस रास्ते से होकर बकरियां गांव में आई थी। उस रास्ते पर कुछ दिन पहले ही बाघ ने एक बकरे का शिकार किया था। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के समीप इस पहाड़ पर चरवाहों ने बाघ और बाघिन को पिछले कुछ वक्त से विचरण करते देखा था। ऐसे में वहां जाना बंद कर दिया था। लेकिन बनवारी शनिवार को इसी पहाड़ पर बकरियां चराने चला गया। ग्रामीणों ने बताया कि लापता बनवारी की तलाश के दौरान उन्हें पहाड़ पर कच्चे रास्तों पर बाघ के पग मार्ग भी मिले हैं। ऐसे में अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
यह है पूरा मामला, दोपहर 3 बजे अंतिम बार देखा गया था
स्थानीय ग्रामीण हरीश पटेल ने बताया कि डडीकर ढाणी निवासी 28 वर्षीय बनवारी पुत्र रूप राम गुर्जर रोजाना की तरह पहाड़ों में सुबह बकरी चराने गया था। जिसे अन्य बकरी चराने वाले चरवाहों ने पहाड़ पर अंतिम बार दोपहर 3 बजे देखा था। शाम 5 बजे के बाद बकरियां पहाड़ से उतर कर गांव में अपने आप आ गई।
लेकिन, बकरी चराने गया बनवारी घर वापस नहीं लौटा। तब परिजन परेशान हो गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से पहाड़ पर बनवारी को ढूंढने के लिए रात भर सर्च अभियान चलाया। लेकिन रविवार की सुबह तक बनवारी का कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी सहित वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और बनवारी को ढूंढने के प्रयास शुरु कर दिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ