घर-दुकान पर लगे सीसी कैमराें से वारदात खुली ताे पुलिस करेगी मालिक का सम्मान

घर या दुकानों पर लगवाए सीसीटीवी कैमरे उस परिवार या दुकानदार के साथ-साथ पुलिस के लिए भी मददगार साबित हो रहे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण देवनगर थाना क्षेत्र में सामने आया। यहां हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा करते हुए शातिर नकबजन को गिरफ्तार भी कर लिया।

इसी संदर्भ में पुलिस आयुक्त जोस मोहन ने पहल की है। इसमें घर या दुकान में सीसी कैमरे लगवाने तथा इनकी मदद से वारदात खुलने पर मकानमालिकों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए थे कि शहर के आमजन को घर या प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही जहां कहीं भी आमजन के लगाए सीसीटीवी कैमरों से किसी भी घटना या वारदात का खुलासा करने में मदद मिलती है, उन आमजन को सम्मानित भी करना है।

110 पैकेट सिगरेट-जर्दे चुराकर ले गया था
देवनगर थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि मसूरिया निवासी दिनेश धूत पुत्र दामोदर दास धूत के घर के बाहर स्थित दुकान पर शुक्रवार देर रात नकबजनी की वारदात हो गई। अज्ञात शातिर सिगरेट के 60 पैकेट, 3 जर्दे के पैकेट, 50 अलग-अलग ब्रांड के 50 पैकेट व नकदी चुरा ले गया था। सुबह इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

यहां छानबीन में पता चला कि धूत ने अपने घर व दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। पुलिस टीम ने कैमरे खंगाले तो एक बदमाश, जिसने मुंह को मास्क से ढंक रखा था, नजर आया। बदमाश काे पकड़ने के लिए थानाधिकारी के साथ एसआई दीपलाल, कांस्टेबल पिंटूसिंह, नरपतसिंह, निरमा व खुशबू की टीम गठित की गई।

टीम ने कदकाठी के आधार पर उस बदमाश की पहचान की और दो घंटे में ही उसे ढूंढ निकाला। प्रारंभिक पूछताछ में ही मसूरिया नट बस्ती गांधी मूर्ति के पास गली निवासी अविनाश नट (22) पुत्र रमेश ने वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
CC cameras installed at home and shop open, police will honor the owner


टिप्पणियाँ