कस्बे के रीको औद्योगिक क्षेत्र में रविवार रात शराब के नशे में दो भाइयों में विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा की बड़े भाई ने छोटे भाई पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया। इसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार काबिलपुर थाना कांटी जिला मुजफ्फरपुर बिहार के निवासी यह दोनों भाई रीको औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करते थे।
रविवार देर रात गांव में वर्षों पहले जमीन के बेचान को लेकर दोनों भाइयों में शराब के नशे में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई प्रकाश रंजन उर्फ चेतन उर्फ छोटू पुत्र रामबली सिंह भूमिहार ने अपने छोटे भाई शशी रंजन (25) पर लोहे के मोटे पाइप से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में 108 एंबुलेंस से उसे कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बड़ा भाई प्रकाश रंजन मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक शंकर दत्त शर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान चंद यादव, पुलिस उप अधीक्षक संदीप सारस्वत, थाना प्रभारी धर्म सिंह, थाना प्रभारी गोविंदगढ़ अरविंद भारद्वाज, सामोद थाना प्रभारी हरवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीमों ने औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कई फैक्ट्रियों, आसपास के जंगलों, खेतों आदि में तलाश की जिसके बाद सोमवार शाम को आरोपी प्रकाश रंजन पुलिस के हत्थे चढ़ गया तथा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे। मौके पर डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम को बुलाया गया। जिन्होंने कई अहम साक्ष्य मौके से जुटाए। थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि मृतक शशी रंजन के शव का चौमू राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। जिला पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी पर पुलिस टीम की हौसला अफजाई के लिए नगद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र दिए जाने की घोषणा की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ